सी एस पाण्डेय
बभनी (सोनभद्र) । क्षेत्र में बुधवार दोपहर बाद आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई। बभनी-बीजपुर मुख्य मार्ग पर तीन स्थानों पर पेड़ गिरने से आवागमन करीब एक घंटे तक बाधित रहा, वहीं बिजली के खंभे और तार टूटने से सैकड़ों गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।

दोपहर करीब दो बजे मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ आसमान में बिजली की गड़गड़ाहट और चमक के बीच जोरदार बारिश शुरू हो गई। तूफान इतना तेज था कि राजकीय इंटर कॉलेज चपकी, पेट्रोल पंप और प्रमोद होटल के समीप तीन स्थानों पर पेड़ गिर गए। इससे बभनी-बीजपुर मार्ग पूरी तरह जाम हो गया।

सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी प्रेम प्रकाश चौबे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गिरे हुए पेड़ों को काटकर रास्ता साफ कराया। एक घंटे की मशक्कत के बाद मार्ग पर आवागमन सामान्य हो सका।
इसी दौरान कई स्थानों पर बिजली के खंभे और तार भी तेज हवाओं की चपेट में आकर टूट गए, जिससे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। विद्युत विभाग की टीमें मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक बिजली बहाल नहीं हो सकी थी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज हवाओं और बारिश के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की है, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।







