पत्रकार के साथ दुर्व्यवहार की कड़ी निंदा, निंदा प्रस्ताव पारित

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

O- रिपोर्टिंग के दौरान पत्रकार से अभद्रता, प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग

O- पत्रकार से दुर्व्यवहार की कड़ी निंदा, शिव मंदिर में बैठक कर पारित हुआ निंदा प्रस्ताव

बभनी (सोनभद्र)। अवैध अस्पताल में की गई सील की कार्रवाई के दौरान समाचार संकलन करने गए हिंदुस्तान के वरिष्ठ पत्रकार चंद्रसेन पांडेय के साथ अस्पताल संचालक द्वारा किए गए अभद्र व्यवहार को लेकर क्षेत्र में रोष व्याप्त है। इसी क्रम में भारतीय पत्रकार एसोसिएशन की एक अहम बैठक शिव मंदिर परिसर में आयोजित की गई, जिसमें घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए भारतीय पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अरविंद दुबे ने कहा कि पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की आंख और आवाज होते हैं, और यदि वे अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए किसी अवैध गतिविधि को उजागर करते हैं तो उनके साथ अभद्रता करना न सिर्फ निंदनीय है, बल्कि लोकतंत्र और प्रेस की स्वतंत्रता पर सीधा हमला भी है।

बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने एक स्वर में कहा कि क्षेत्र में विभागीय संरक्षण के चलते कुकुरमुत्ते की तरह अवैध निजी अस्पताल संचालित हो रहे हैं, जहां बड़े पैमाने पर गरीब और आदिवासी वर्ग का शोषण किया जा रहा है। ऐसी सामाजिक कुरीतियों को उजागर करने पर यदि पत्रकारों को धमकाया या अपमानित किया जाएगा, तो यह बेहद गंभीर चिंता का विषय है।

पत्रकार एसोसिएशन ने अवैध निजी अस्पतालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए एक प्रस्ताव भी पारित किया। साथ ही प्रशासन से मांग की गई कि पत्रकार के साथ दुर्व्यवहार करने वाले अस्पताल संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

बैठक में यह भी कहा गया कि पत्रकार बिना किसी भय के अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें, इसके लिए प्रशासन को सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना चाहिए। गौरतलब है कि संबंधित पत्रकार अपनी रिपोर्टिंग ड्यूटी के तहत अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन वहां मौजूद अवैध अस्पताल संचालक ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, जो संवैधानिक मूल्यों और मीडिया की स्वतंत्रता के विरुद्ध है।

बैठक में प्रमुख रूप से संतोष दुबे, अजीत पांडेय, चंद्रशेखर पांडेय, पंकज साहू, सुजीत पांडेय, नरेश गुप्ता, श्याम जी पांडेय, राजू चंद्रवंशी, अफजल अहमद सहित चंद्रसेन पांडेय तथा क्षेत्र के अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?