अमित मिश्रा
O- मासिक बैठक में बूथ स्तर पर नाम बढ़ाने का आह्वान
सोनभद्र। समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक जिला कार्यालय पर आयोजित की गई, जिसमें संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने और मतदाता सूची में नाम जोड़ने को लेकर व्यापक रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए सपा जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज कराने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वे अपने-अपने बूथों पर जाकर बीएलओ से संपर्क करें और यह जानकारी लें कि प्रारूप-7 किन मतदाताओं का भरा गया है। साथ ही सूची प्राप्त कर घर-घर जाकर सत्यापन करने का भी निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी मतदाता का नाम अनुचित रूप से न कटने पाए।
उन्होंने प्रशासन को भी स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जनपद के अधिकारी किसी प्रकार के दबाव में कार्य न करें, अन्यथा समाजवादी पार्टी उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगी।
भाजपा पर साजिश का आरोप
बैठक को संबोधित करते हुए समाजवादी अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष व्यास जी गोड ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सुनियोजित तरीके से समाजवादी पार्टी समर्थक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कटवाने की साजिश कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और मतदाता सूची में नाम बढ़ाने के अभियान को तेज करने का आह्वान किया।
नौजवानों से बूथ भ्रमण की अपील
समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक यादव ने कहा कि नौजवानों की बड़ी जिम्मेदारी है कि वे जनपद सोनभद्र के अधिक से अधिक बूथों का भ्रमण करें, नए मतदाताओं के नाम जुड़वाएं और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी मतदाता का नाम गलत तरीके से न हटाया जाए।
बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष विजय यादव, जिला महासचिव मोहम्मद शईद कुरैशी, अनिल प्रधान, विजय, जिला उपाध्यक्ष वेद मनी शुक्ला, अशोक पटेल, त्रिपुरारी गौर, डॉ. लोकपति सिंह पटेल, रवि कुमार गौड़, हिदायत उल्ला खान, विनीत पांडे, सरदार पारब्रह्म सिंह, सत्यम पांडे, दीपक केसरी, शुभम दुबे, रमापति त्रिपाठी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







