मिशन शक्ति 5.0 के तहत पिपरी सर्किल में पुलिस कर्मियों का विशेष प्रशिक्षण

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

O- डॉ. चारु द्विवेदी और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने सुरक्षा प्रतिक्रिया, साइबर जागरूकता और संवेदनशील पुलिसिंग पर दिया मार्गदर्शन

सोनभद्र। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत पिपरी सर्किल में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक नोडल अधिकारी एवं यातायात क्षेत्राधिकारी डॉ. चारु द्विवेदी ने किया, जबकि क्षेत्राधिकारी पिपरी अमित कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यशाला में थाना अनपरा, शक्तिनगर और पिपरी के मिशन शक्ति केंद्रों के प्रभारी, थाना निरीक्षक और मिशन शक्ति टीमों ने हिस्सा लिया। सत्र के दौरान पुलिसकर्मियों को महिला सुरक्षा से जुड़े आधुनिक तरीकों, त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली और संवेदनशील पुलिसिंग के पहलुओं से अवगत कराया गया।

डॉ. चारु द्विवेदी ने प्रशिक्षण के दौरान कहा कि पीड़ितों के प्रति संवेदनशील व्यवहार, शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण और काउंसलिंग प्रक्रिया मिशन शक्ति की बुनियादी आवश्यकताएँ हैं। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन सुरक्षा उपायों, हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता तथा आमजन में सुरक्षा जागरूकता फैलाने की रणनीतियों पर विस्तृत जानकारी दी।

पिपरी क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने टीमों को फील्ड स्तर पर आने वाली चुनौतियों, घटनाओं की त्वरित सूचना संग्रह, पीड़ित सहायता तंत्र और समन्वय की प्रभावी व्यवस्था पर दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि मिशन शक्ति की सफलता तभी सुनिश्चित होगी, जब प्रत्येक पीड़ित को गुणवत्तापूर्ण, त्वरित और संवेदनशील सहायता उपलब्ध कराई जाए।

जनपद पुलिस द्वारा बताया गया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत लगातार प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सके। कार्यक्रम में पिपरी थाना प्रभारी सत्येंद्र राय, संजय सिंह, संतोष सिंह सहित कई अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

Leave a Comment

1347
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?