राज्यपाल ने क्षेत्राधिकारी हर्ष पांडेय को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
सोनभद्र । जनपद में किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण और सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए चलाए गए HPV टीकाकरण अभियान में उत्कृष्ट सहयोग के लिए सोनभद्र पुलिस को राज्यपाल द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रदेश स्तर पर संचालित इस अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं का सफलतापूर्वक HPV टीकाकरण कराया गया। अभियान को सफल बनाने में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने आपसी समन्वय, जनजागरूकता और प्रभावी कार्ययोजना के माध्यम से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जनपद सोनभद्र में भी सोनभद्र पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सराहनीय योगदान दिया।
इस क्रम में पुलिस लाइन चुर्क, सोनभद्र में HPV वैक्सीनेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पुलिस परिवार की पात्र बालिकाओं सहित अन्य बालिकाओं का टीकाकरण कराया गया। सोनभद्र पुलिस ने अभियान के सफल संचालन, जागरूकता प्रसार और आवश्यक व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग दिया।
जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में दिए गए इस महत्वपूर्ण योगदान के लिए राज्यपाल द्वारा पिपरी क्षेत्राधिकारी हर्ष पांडेय को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
यह सम्मान जनपद पुलिस की जनकल्याण एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।






