सोनभद्र । डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र के सभागार में वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन कुमार सिंह (एडवोकेट) की अध्यक्षता में लोह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 75वीं पुण्यतिथि का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष जगजीवन सिंह (एडवोकेट) ने कहा कि भारत की राष्ट्रीय एकता के सूत्रधार और एकीकृत भारत के शिल्पकार सरदार पटेल को सादर नमन है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत के प्रथम उपप्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री के रूप में उनकी अडिग इच्छाशक्ति, असाधारण नेतृत्व और अटल संकल्प ने राष्ट्र की अखंडता सुनिश्चित की।
पूर्व अध्यक्ष श्याम बिहारी यादव (एडवोकेट) ने बताया कि सरदार पटेल के दूरदर्शी मार्गदर्शन में 562 से अधिक रियासतों का भारत संघ में ऐतिहासिक विलय संभव हुआ, जिससे एक सशक्त एवं संगठित भारत की नींव रखी गई। महामंत्री प्रदीप कुमार मौर्य (एड) ने कहा कि हर वर्ष 15 दिसंबर को सरदार पटेल की पुण्यतिथि मनाई जाती है; 1950 में इसी दिन मुंबई में उनका निधन हुआ था, परन्तु उनका योगदान आज भी करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।
इस अवसर पर चौधरी यशवंत सिंह, राजेश कुमार मौर्य, राजेश कुमार यादव, कामता प्रसाद यादव, राजकुमार पटेल, अजय, सरफराज खान, दशरथ यादव, शैलेंद्र कुमार, राम गुल्ली यादव, वीरेंद्र कुमार, संदीप जायसवाल, प्रदीप यादव, टीटू गुप्ता, रविंद्र पटेल आदि ने भाग लेकर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित सभी ने सरदार पटेल के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।







