अमित मिश्रा
आपके द्वार कार्यक्रम चलाकर उठाएंगे जनहित के मुद्दे:श्रीकांत त्रिपाठी
कार्यसमिति की बैठक में जनसमस्याओं का लगा अंबार
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। राष्ट्रीय लोक दल के जिला कार्यसमिति की मासिक बैठक जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में दूर दराज से आए सदस्यों एवं पदाधिकारियों के साथ किसानों ने जिलाध्यक्ष के सामने क्षेत्रिय समस्याओं को रखा।
चतरा विकास खण्ड के भिक्खमपुर गांव से आये किसान सौरभ सिंह ने बताया कि उनकी ग्राम पंचायत चकबंदी के लिए चयनित है बावजूद इसके चकबंदी विभाग द्वारा चकबंदी न किये जाने से गांव के किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ओबरा तहसील आयी महीला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष शांति वर्मा ने बताया कि ओबरा खनन क्षेत्र में होने वाले प्रदूषण से स्थानीय कामगारों में सिलिकोसिस की शिकायत तेजी से बढ़ रही है। बताया कि यह टीवी का एक प्रकार है जो कामगारों के बच्चों का बचपन भी छीन रहा है। श्रीमती वर्मा ने खनन क्षेत्र में काम करने वाले कामगारों और उनके बच्चों के स्वास्थ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक क़दम उठाए जाने की बात कही।
वही चतरा क्षेत्र से आये किसानों ने सिंचाई विभाग की लापरवाही की चर्चा करते हुए कहा कि विभाग द्वारा नहरों की साफ-सफाई और मरम्मत का काम नहीं किए जाने से क्षेत्र में किसानों में काफी असंतोष है। नहरों का पानी क्षेत्र में विवाद का कारण बनता जा रहा है।
रामगढ़ से आये किसान ओमप्रकाश ने बताया कि उनकी रामगढ़ की एक जमीन पर दबंगों द्वारा कब्जा कर लिया गया,जबकि जमीन का विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। चतरा विकास खंड के विक्रमपुर गांव से बैठक में आये किसान मूरली चौहान ने बताया कि पिछले इक्कीस साल से जिम्मेदार विभागों द्वारा 500 मीटर सड़क का निर्माण नहीं कराया जा सका जिससे गांव में आना-जाना नारकीय हो जाता है खासतौर पर बरसात के दिनों में।
इस पर जिला अध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी ने कहा कि बैठक में आयी सभी समस्याओं को क्रमबद्ध तरीके से जिलाधिकारी के संज्ञान में लाते हुए जनहित के कामों का निस्तारण यथाशीघ्र कराया जायेगा।
वही युवा लोकदल के प्रदेश सचिव विवेक चतुर्वेदी ने कहा कि शीघ्र ही राष्ट्रीय लोक दल के द्वारा ” राष्ट्रीय लोक दल आपके द्वार ” के बैनर तले लोकदल के लोग गांवों में लोगों के दरवाजे पर जायेंगे और गांवों की समस्याओं को भौतिक रूप से सत्यापित करते हुए जनहित के कामों का निस्तारण जिम्मेदार अधिकारियों से मिलकर कराने का काम करेंगे। विवेक चतुर्वेदी ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार के द्वारा लगातार जनहित में काम किया जा रहा है लेकिन जिले में तैनात जिम्मेदार अधिकारी भ्रष्टाचार, अन्याय रोकने में उदासीनता बरत रहे हैं जो बेहद चिंता का विषय है। श्री
बैठक में विजय कुमार सिंह को जिला उपाध्यक्ष, शिवपूजन तिवारी को जिला उपाध्यक्ष किसान प्रकोष्ठ, रोहित सिंह जिला महासचिव, पवन शुक्ला जिला महासचिव संगठन, विकास पाण्डेय को जिला मीडिया प्रभारी, गंगेश्वर सिंह पटेल जिला उपाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग, अरविंद सिंह को जिला सचिव , कलावती देवी को विधानसभा अध्यक्ष दुद्धी, चन्दन बियार जिला सचिव, विमलेश राव ब्लाक अध्यक्ष नगवां, राजेश गुप्ता ब्लाक अध्यक्ष चतरा, राजेश राव ब्लाक अध्यक्ष घोरावल, चन्द्र भान सिंह को कोषाध्यक्ष, पृथ्वीराज सिंह गुर्जर को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया।
बैठक में नागेश्वर खरवार, विजय भारती, काशी नाथ देव पाण्डेय, विनोद मिश्रा, अनिल प्रताप सिंह, राजेश कुमार, कलावती देवी सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं और किसानों ने भाग लिया और राष्ट्रीय लोक दल को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।







