उद्योग बंधु बैठक में वैल्यू एडिशन, लघु ऋण और स्वास्थ्य पर उठे सवाल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक

सोनभद्र। मंगलवार को उद्योग बंधु की बैठक जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में पिछली बैठक में उठाए गए मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने कहा कि हमारा जनपद स्टोन, फ्लाई ऐश, एल्युमिनियम, सीमेंट जैसे खनिज आधारित उद्योगों के साथ-साथ वैल्यू एडिशन उद्योगों के लिए उपयुक्त है।
उन्होंने मांग की कि कच्चे माल को बाहर भेजने के बजाय स्थानीय स्तर पर प्रोसेसिंग कर अधिक मूल्यवान उत्पादन किया जाए। अभी सोनभद्र से कच्चा माल बड़ी मात्रा में बाहर जा रहा है और उसका मूल्य संवर्धन दूसरे जिलों या राज्यों में हो रहा है। वैल्यू एडिशन से स्थानीय स्तर पर अधिक रोजगार सृजित होंगे, उद्योगों का विकास होगा, उत्पाद की कीमत बढ़ेगी और जिले की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
श्री शर्मा ने कहा कि नगर में हाल में लगाई गई रोड स्टड लाइटें, सड़क बनने पर उखड़कर गायब हो गईं। यदि हर योजना में संबंधित विभागों के बीच आपसी समन्वय हो तो जनता के पैसे का अपव्यय रोका जा सकता है।
उन्होंने भारत सरकार की लघु ऋण योजना का मुद्दा उठाते हुए कहा कि रेहड़ी-पटरी और ठेले लगाने वाले छोटे कारोबारियों को बिना गारंटी 10 हजार से 50 हजार तक तीन किस्तों में वर्किंग कैपिटल दिया जाना था, लेकिन लाभार्थियों को बार-बार दौड़ाया जा रहा है और ऋण वितरण में आनाकानी की जा रही है।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना पर उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना है, लेकिन सोनभद्र में बैंक शाखाएं आवेदन के समय दस्तावेजों की पूरी सूची नहीं दे रही हैं। लाभार्थियों को बार-बार अलग-अलग दस्तावेज लाने के लिए बुलाया जा रहा है, जिससे उनका समय, धन और श्रम बर्बाद हो रहा है। पूर्व बैठक में भी इस मुद्दे पर चर्चा हो चुकी है।
कौशल शर्मा ने बताया कि पूर्वांचल में हेपेटाइटिस बी और सी का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। मानसून में दूषित पेयजल, जलभराव और सीवेज मिश्रित पानी से हेपेटाइटिस ए और ई का खतरा भी बढ़ गया है। नगर में आरओ पाइपलाइन बिछाने के बावजूद पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है और कई आरओ प्लांट खराब पड़े हैं।
उन्होंने लैंड पूलिंग के माध्यम से औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाने को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा।
बैठक में व्यापार संगठन के जिला महामंत्री प्रीतपाल सिंह, नगर महामंत्री जसकीरत सिंह, जिला उपाध्यक्ष नागेंद्र मोदनवाल, विनय जायसवाल, नगर मंत्री अभिषेक सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1542
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?