नौगढ़ में सड़क हादसा पल्स पोलियो अभियान में जा रहे साइकिल सवार कर्मी को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
संवाददाता लकी केशरी
नौगढ़ (चंदौली)। जिले के तहसील नौगढ़ में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक साइकिल सवार लालबरत प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा नौगढ़-सोनभद्र मुख्य मार्ग पर देउरा माइनर के पास मंगलवार को हुआ।
लालबरत अपनी पत्नी के साथ पल्स पोलियो अभियान के वैक्सीन का डिब्बा लेकर गांव जा रहे थे, जब तेज रफ्तार शराब लदे मैजिक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में लालबरत का दाहिना पैर कई टुकड़ों में टूट गया और सिर में गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मैजिक वाहन तेज रफ्तार में थी और टक्कर मारने के बाद फरार हो गई। लोगों ने पीछा करने की कोशिश की, लेकिन चालक भागने में कामयाब रहा।
लालबरत को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नौगढ़ पहुंचाया गया, जहां डॉ गंगाराम भारती ने बताया कि ऑपरेशन के बिना इलाज संभव नहीं है। उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया है।







