अमित मिश्रा
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जनपद के परियोजना निदेशक डीआरडीए राजशिरोमणि मौर्या के आज सेवानिवृत्त होने पर विकास भवन के सभागार में भाव-भीनी विदाई दी गयी। इस दौरान परियोजना निदेशक ने कहा कि जनपद में उनका कार्यकाल 6 वर्ष 6 माह का रहा ,जिससे एक परिवार की तरह यहां के स्टाफ हो गए जिनसे विदा होना काफी पीड़ादायक है लेकिन आज के संचार युग मे आप सब से जुड़े रहने का प्रयास करूंगा क्योकि नौकरी से सेवानिवृत्त होने के बाद समय बिताना मुश्किल हो जाता है।
आज विकास भवन सभागार में परियोजना निदेशक डीआरडीए राजशिरोमणि मौर्या के सेवानिवृत्त होने पर जिलाधिकारी बीएन सिंह व मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की उपस्थिति में विदाई समारोह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विदाई समारोह का संचालन करते हुए जिला विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान ने बताया कि परियोजना निदेशक डीआरडीए राजशिरोमणि मौर्या द्वारा जनपद में 6 साल 6 महीने की सेवा देते हुए, पूरे सेवाकाल लगभग 26 साल पूरा करते हुए 31 जनवरी को अपनी अधिवर्षता आयु पूरी कर सेवानिवृत्त हो रहे है। यह एक संजीदा व मृदुलभाषी कार्मिक के रूप में विभागीय कार्यों को बेहतर तरीके से निभाये हैं।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि इनके द्वारा विभागीय कार्यों में समय से अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन करना एक बेहतर कार्य है, विभागीय कार्यों के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र की भी जानकारी रखते हैं। उम्मीद है कि आप जहां भी रहेंगें अपने अनुभवों को साझा करते हुए क्षेत्र व आस-पास के लोगों के लिए प्रेरणा दायक बनेंगेें, क्योंकि आप विभागीय कार्यों को सफलता पूर्वक करने के साथ-साथ किताबों के अध्ययन में भी रूचि रखते हैं, जिससे आपका मस्तिष्क भी विकसित होता रहता है, जीवन को एक नये क्षेत्र में संजोने व अपने अनुभवों का परिचय देते हुए आस-पास के लोगों को भी लाभ पहुंचाने का काम करेंगें। इस दौरान जिलाधिकारी ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि बेहतर काम करने का तरीका ही हम सभी की पहचान है, इसलिए हम जिस पद पर हैं, अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन करते रहें।
विदाई समारोह में मौजूद अधिकारी व कर्मचारी ने सेवानिवृत्त परियोजना निदेशक के कृत्यों की तारीफ करते हुए भावभीनी विदाई दी गयी।
इस मौके पर सेवानिवृत्त परियोजना निदेशक को माल्यार्पण कर सम्मानित करते हुए उनके जिन्दगी की दूसरी पाली में उज्जवल भविष्य व बेहतर स्वास्थ्य की कामना की गयी। इस मौके पर सभी लोगों ने माल्यार्पण कर विभिन्न सामग्री भेंट कर इनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
वही विदाई कार्यक्रम का संचालन जिला विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान ने किया।
इस मौक पर डीसी मनरेगा, डीसी एनआरएलएम सरिता सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विद्या देवी सहित अन्य अधिकारी व कार्मिकगण उपस्थित रहें।







