नवीन कुमार
कोन(सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। आगामी नवरात्र पर्व व दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर कोन पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी कड़ी में गुरुवार की शाम कोन थाना क्षेत्र में पुलिस व पीएसी (PAC) के जवानों ने फ्लैग मार्च निकाला।
थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह की अगुवाई में यह फ्लैग मार्च झारखंड बार्डर से शुरू होकर कोन बाजार, बैंक रोड, कोन बस स्टैंड सहित प्रमुख मार्गों से गुजरा। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने लोगों से अपील की कि वे त्योहारों को आपसी भाईचारे व शांति के साथ मनाएं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि नवरात्र पर्व को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। क्षेत्र में संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए रखने के लिए गश्ती दल को भी सक्रिय कर दिया गया है।
फ्लैग मार्च में थाने के सभी उपनिरीक्षक, कांस्टेबल व पीएसी के जवान शामिल रहे। इस दौरान पुलिस ने लोगों को आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और कोई भी समस्या होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
पुलिस प्रशासन ने साफ किया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।







