नौगढ़(चंदौली) में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जयमोहनी रेंज की हरितमा पौधशाला में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी नौगढ़ आलोक कुमार और ग्राम प्रधान बाघी श्रीमती नीलम ओहरी ने वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला।

पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी
उपजिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। वृक्ष हमें न केवल शुद्ध हवा प्रदान करते हैं, बल्कि जल स्रोतों को सुरक्षित रखने, जैव विविधता को बनाए रखने और धरती के तापमान को नियंत्रित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि हमें अधिक से अधिक पेड़ लगाने के साथ-साथ उन्हें संरक्षित भी करना चाहिए।
ग्रामीणों से अपील
ग्राम प्रधान नीलम ओहरी ने भी ग्रामीणों से अपील की कि वे गांव के आसपास खाली पड़ी जमीनों पर पौधे लगाएं और हर घर एक पेड़ का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि इससे न केवल पर्यावरण संरक्षित होगा, बल्कि हमारे बच्चों के भविष्य को भी सुरक्षित किया जा सकेगा।

वन क्षेत्राधिकारी का संदेश
वन क्षेत्राधिकारी जयमोहनी मकसूद हुसैन ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन के आधार हैं। इनसे हमें ऑक्सीजन के अलावा फल और औषधियां प्राप्त होती हैं। उन्होंने कहा कि पेड़ पौधों की इनकी रक्षा हमें अपने पुत्रों की भांति करनी चाहिए।
लोगों ने लिया संकल्प
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने यह संकल्प लिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक वृक्षारोपण करेंगे और पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान देंगे।







