सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक के दिशा निर्देश पर आगामी त्यौहार शबे-बरात के दृष्टिगत जनपद में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार को जनपद के राजपत्रित अधिकारीगण एवं थाना प्रभारीगण द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में मुस्लिम धर्मगुरुओं एवं गणमान्य व्यक्तियों के साथ पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की गईं। चोपन थाना परिषद में सिओ सीटी रणधीर मिश्रा (पुलिस उपाधीक्षक) के नेतृत्व में आयोजित बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत नागरिकों से त्यौहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं परंपरागत तरीके से मनाने की अपील की गई। इस अवसर पर थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मिश्रा, सलीम खां (मुस्लिम धर्मगुरु), असलम (मुस्लिम धर्मगुरु), शेरअली (गणमान्य व्यक्ति), महफूज आरिफ (गणमान्य व्यक्ति), कैशियर अंजुमन चोपन, सत्यप्रकाश तिवारी (सदस्य, पीस कमेटी), सुरेन्द्र पाण्डेय (सदस्य, पीस कमेटी), सुनील सिंह (सदस्य, पीस कमेटी) आदि उपस्थित रहे। बैठक में सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासन बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने, किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना को साझा न करने तथा आपसी भाईचारे को सुदृढ़ बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि त्यौहार के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा, विवाद अथवा आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्यवाही की जा सके। जनपद पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सतत गश्त एवं निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। वही चोपन थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मिश्रा ने बताया की पीस कमेटी के सदस्यों द्वारा पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा गया कि शबे-बरात पर्व आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं शांति के साथ मनाया जाएगा। जनपद सोनभद्र पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे त्यौहार के दौरान शांति बनाए रखें, प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की सूचना अथवा समस्या के लिए नजदीकी थाना अथवा पुलिस हेल्पलाइन 112 से संपर्क करें।







