चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा नौगढ़-मधुपुर मार्ग पर चोरमरवा गांव के समीप हुआ, जब दोनों एक ही मोटर साइकल पर सवार होकर किसी जरूरी कार्य से रॉबर्ट्सगंज जा रहे थे।

घायलों की पहचान
घायलों की पहचान प्रदीप गिरी पुत्र चंद्रभान गिरी (23 वर्ष) और उनके चाचा इंद्रभान गिरी पुत्र स्व चिम्मन गिरी (45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ठठवा गांव, थाना चकरघट्टा के निवासी हैं।
हादसे का कारण
हादसे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन परिजनों का आरोप है कि तेज रफ्तार में आ रही बोरिंग करने वाली एक गाड़ी ने जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है और फरार वाहन की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने की कार्रवाई
सूचना मिलने पर नौगढ़ थाना प्रभारी रमेश यादव और नौगढ़ कस्बा इंचार्ज जगतधारी तत्काल मौके पर पहुंचे और पुलिस वाहन से दोनों को नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने प्रदीप की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
इस हादसे में 108 एंबुलेंस सेवा की घोर लापरवाही भी सामने आई। दुर्घटना की सूचना देने के बावजूद कई घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंच सकी। जिसके बाद पुलिस वाहन से दोनों घायलों को नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।







