अमित मिश्रा
O- विकास कार्यों से गूंजेगा सोनभद्र
O- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भाजपा जिला अध्यक्ष नंदलाल व राज्यमंत्री संजीव गोंड ने की मुलाकात, सोनभद्र के मुद्दों पर दिया विस्तृत पत्रक
सोनभद्र। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की पावन भूमि सोनभद्र जल्द ही देशभक्ति की नई पहचान बनेगा। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष नंदलाल ने बताया कि जिले के राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में भेंट कर जनपद के अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की और एक ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने कहा कि सोनभद्र स्वतंत्रता आंदोलन के समय से ही बलिदान, संघर्ष और देशभक्ति की धरती रही है। अनेक वीर सेनानियों ने देश की आज़ादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी, लेकिन आज भी उनके गांव मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं।
108 स्वतंत्रता सेनानियों के गांव होंगे उनके नाम पर विकास कार्यों की नई सौगात
जिला अध्यक्ष नंदलाल ने बताया कि पार्टी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि जनपद के सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम पर उनके गांवों का नामकरण किया जाए और वहां संपूर्ण विकास कार्य कराए जाएं।
इन गांवों में पक्की सड़क, शुद्ध पेयजल, स्वास्थ्य केंद्र, विद्युत व्यवस्था, पुस्तकालय, खेल मैदान और स्मारक पार्क जैसी मूलभूत सुविधाओं का विकास कराया जाएगा।
जिलाध्यक्ष नन्दलाल ने कहा हम चाहते हैं इन वीर सेनानियों के गांव ‘आदर्श ग्राम’ के रूप में विकसित हों, ताकि नई पीढ़ी उनके बलिदान, त्याग और देशभक्ति से प्रेरणा ले सके ।
उन्होंने बताया कि 108 स्वतंत्रता सेनानियों की विस्तृत सूची संलग्न कर मुख्यमंत्री को सौंपी गई है, ताकि उनकी स्मृति को अमर बनाने के साथ-साथ पर्यटन के क्षेत्र में भी सोनभद्र को नई पहचान दी जा सके।
आदिवासियों की जमीन पर बाहरी लोगों का अवैध कब्जा, जांच और कार्रवाई की मांग
भाजपा अध्यक्ष नंदलाल ने मुख्यमंत्री के समक्ष जनपद के ग्राम बघाड़ू और आसपास के क्षेत्रों में आदिवासियों की जमीन पर बाहरी मुस्लिम समुदाय द्वारा अवैध कब्जे का गंभीर मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने बताया कि पिछले 15 वर्षों से बाहरी मुस्लिम परिवारों की संख्या में तीव्र वृद्धि हुई है और कई मामलों में धारा 80 का उल्लंघन करते हुए अवैध भूमि विक्रय हुआ है।
31 लोगों की रजिस्ट्री की प्रतियां पत्रक के साथ संलग्न कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया है कि इस प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों पर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाय।
बारिश और तेज हवाओं से किसानों की फसलें बर्बाद, मिले विशेष आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष नंदलाल और राज्यमंत्री संजीव गोंड ने मोथा तूफान और हालिया बरसात से हुई किसानों की फसलों की तबाही का मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने कहा कि धान की फसल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे हजारों किसान आर्थिक संकट में हैं।
मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया है कि किसानों को विशेष आर्थिक सहायता, बीमा क्षतिपूर्ति और राहत राशि तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
राज्यमंत्री संजीव गोंड ने बताया की सोनभद्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है भाजपा नेतृत्व।
इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, पूर्व सांसद नरेंद्र कुशवाहा और संजीव त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।
बैठक में सोनभद्र को विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक गौरव के नए मॉडल के रूप में स्थापित करने की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई।
जिलाध्यक्ष नंदलाल ने कहा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नेतृत्व प्रदेश में विकास और न्याय का प्रतीक है। सोनभद्र के हर गांव तक उस परिवर्तन की रोशनी पहुंचेगी, यही हमारा लक्ष्य है।
सोनभद्र अब सिर्फ खनिज और जंगलों की भूमि नहीं, बल्कि शौर्य, स्वाभिमान और विकास की नई पहचान बनकर उभर रहा है।







