अमित मिश्रा
O- वैनी में आध्यात्म और सामाजिक समरसता का संगम
सोनभद्र। जनपद सोनभद्र के नगवां विकासखंड अंतर्गत वैनी बाजार स्थित खेल मैदान में 20 जनवरी से शुरू हो रहे श्री शतचंडी महायज्ञ एवं रामकथा को लेकर तैयारियाँ तेज हो गई हैं। आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए यज्ञ समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता समिति अध्यक्ष सर्वजीत सिंह ने की।
बैठक में कार्यक्रमों के क्रम और व्यवस्थाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। तय कार्यक्रम के अनुसार 20 जनवरी को भव्य कलश यात्रा रामसरोवर तालाब, खलियारी से प्रारंभ होकर वैनी स्थित यज्ञ मंडप तक पहुंचेगी। 21 जनवरी से प्रतिदिन प्रातः शतचंडी महायज्ञ एवं परिक्रमा होगी, जबकि दोपहर बाद वृंदावन से पधारीं कथावाचिका कनक पांडेय द्वारा रामकथा का रसपान कराया जाएगा। रात्रि में मथुरा के कलाकारों द्वारा रासलीला का मंचन आकर्षण का केंद्र रहेगा।

महायज्ञ का समापन 30 जनवरी को सामाजिक सरोकार के बड़े आयोजन के साथ होगा, जब मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 101 कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा। इसके साथ विशाल भंडारे का भी आयोजन प्रस्तावित है।
इस अवसर पर आयोजन समिति के संरक्षक आलोक कुमार सिंह, अमरेश सिंह पटेल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। समिति ने आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और जनसहभागिता से सफल बनाने का संकल्प दोहराया।







