वीरेन्द्र कुमार
पति की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा किया दर्ज
शुक्रवार को घर के पास विवाहिता का आम के पेड़ से लटकता मिला था शव
विंढमगंज(सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हरनाकछार के चरक पथली टोला में बीती शुक्रवार को फांसी के फंदे पर झूली महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मृतका के पति अमरेश पनिका के द्वारा नामजद दिए गए प्रार्थना पत्र पर प्रभारी थाना अध्यक्ष शेष नारायण पाण्डेय के गहन जांच व ग्रामीणों से मिली जानकारी के बाद प्रेमी खरभूलन शर्मा उर्फ बबल शर्मा पुत्र कृष्ण शर्मा पर बीएनएस की धारा 105, 238, 352 व 3(2)5 एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी को पकड़ने के लिए जगह-जगह पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में मृतका के पति अमरेश पनिका ने कहा कि मैं अपने परिवार के भरण पोषण हेतु घर के बाहर जाकर काम करता हूं अपनी पत्नी की मौत की खबर सुनकर जब मैं घर आया तथा पत्नी का दाह संस्कार करने के बाद बीते शुक्रवार की रात्रि को जब मौत के कारण को परिवार के बीच जानना चाहा तो बड़ा पुत्र अमित उम्र 8 वर्ष ने बताया कि बीते गुरुवार की रात को घर में पड़ोस का ही रहने वाला खरभूलन शर्मा उर्फ बबल शर्मा ने आकर खाना भी खाया व हमारी पत्नी के साथ भद्दी भद्दी गाली के साथ-साथ मारपीट किया तथा रात्रि को ही मेरी पत्नी को घर से बाहर ले जाकर आम के पेड़ में फांसी के फंदे पर झूला कर मौत के घाट उतार दिया।
इस प्रार्थना पत्र पर थाना प्रभारी अध्यक्ष शेष नारायण पांडे ने ग्रामीण व परिजनों से गहन जांच व पूछताछ के बाद उपरोक्त धाराओं में मुकदमा पंजीकृत करके आरोपी को पकड़ने के लिए जगह-जगह पर दबिश दी जा रही है।







