वीरेन्द्र कुमार
श्री सरस्वती नाट्य कला समिति ने पांच दिवसीय नाट्य महोत्सव का भव्य शुभारंभ
विंढमगंज(सोनभद्र/ उत्तर प्रदेश)। विकास खण्ड दुद्धी के फुलवार गांव के जुड़वनिया टोला में गुरुवार की रात संस्कृति, श्रद्धा और सामाजिक संदेशों से ओतप्रोत पांच दिवसीय नाट्य महोत्सव का शुभारंभ धूमधाम से हुआ।श्री सरस्वती नाट्य कला समिति के बैनर तले आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन मुख्य अतिथि सुरेंद्र अग्रहरि (गुरुजी), पूर्व जिला महामंत्री भाजपा, विशिष्ट अतिथि बिहारी लाल चेरो के करकमलों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर किया गया।
मुख्य अतिथि सुरेंद्र अग्रहरि ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा जिस प्रकार पक्षी को उड़ने के लिए दो पंखों की आवश्यकता होती है, उसी तरह जीवन में संकल्प और समर्पण दोनों जरूरी हैं। इन दो गुणों के बिना कोई कार्य सफल नहीं हो सकता। जिस निष्ठा और निरंतरता से यह नाट्य समिति 34 वर्षों से मंचन कर रही है, वह पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का स्रोत है।”उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, प्रेम और सामाजिक जागरूकता को मजबूत करते हैं। “जब हम दूसरों का सम्मान करते हैं और समाज के लिए समर्पित रहते हैं, तभी सच्चे अर्थों में प्रगति संभव है,” उन्होंने जोड़ा।
नाट्य समिति के संस्थापक मुनेश्वर प्रसाद कनौजिया ने बताया कि उद्घाटन दिवस पर मंचित नाटक “काला नाग उर्फ घर की बर्बादी” में यह दर्शाया गया कि घर के भीतर पनपने वाला लालच, ईर्ष्या और स्वार्थ किस तरह परिवार को बर्बाद कर देता है।
कहानी में “काला नाग” बुराई का प्रतीक है, जो रिश्तों में जहर घोल देता है, जबकि प्रेम, विश्वास और त्याग ही परिवार की असली शक्ति हैं।
कार्यक्रम के अंत में समिति के प्रबंधक वीरेंद्र चौधरी ( भाजपा मंडल अध्यक्ष विंढमगंज) और अध्यक्ष दिनेश यादव ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर समिति के संस्थापक मुनेश्वर प्रसाद कनौजिया, अध्यक्ष दिनेश यादव, उपाध्यक्ष पंकज कन्नौजिया, महामंत्री डॉ. राजेश्वर प्रसाद गुप्ता, सचिव रामनारायण गुप्ता, संरक्षक शारदा प्रसाद कनौजिया, रामचरित्र कन्नौजिया, वंश गोपाल, अवध बिहारी, मुकेश गुप्ता सहित सैकड़ों दर्शक मौजूद रहे।
कुशल संचालन समिति के कोषाध्यक्ष विजय कुमार कन्नौजिया ने किया।







