विष्णु अग्रहरी
O- रामलीला मैदान में ऐतिहासिक दंगल, पूर्वांचल के पहलवानों ने किया जोर-आजमाइश

दुद्धी (सोनभद्र)। नागपंचमी के अवसर पर मंगलवार को जय बजरंग अखाड़ा समिति के तत्वावधान में स्थानीय रामलीला मैदान पर ऐतिहासिक दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें पूर्वांचल सहित आसपास के जनपदों के नामी पहलवानों ने दमखम दिखाते हुए दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ शाम चार बजे हुआ। इससे पहले समिति अध्यक्ष पंकज जायसवाल और महामंत्री दीपक शाह के नेतृत्व में महावीर मंदिर से पारंपरिक झंडा जुलूस निकाला गया, जो नगर भ्रमण करते हुए अखाड़े तक पहुँचा। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल रहा।

झंडा जुलूस के अखाड़े में पहुंचने के बाद विधि-विधान से पूजा कर दंगल की शुरुआत हुई। जैसे ही दांव-पेंच का मुकाबला शुरू हुआ, हजारों दर्शक रोमांच से झूम उठे। दुद्धी, खजुरी, अमवार, नगवां, कटौली, ओबरा, रेनुकूट, बलिया, आजमगढ़, गाजीपुर और गोरखपुर से आए पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला से मैदान में दम दिखाया।
दंगल में सबसे रोमांचक मुकाबला रेनुकूट के पहलवान परमहंस और बीड़र के सुनील के बीच हुआ, जिसमें परमहंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सुनील को चित्त कर ₹3100 का इनाम जीता।
इसी तरह डूमरडीहा के हिरामन यादव ने रेनुकूट के पप्पू को पटखनी देकर ₹1100, सुनील झारोकला ने हिमांशु सिंह को हराकर ₹1100 और अनुज रेनुकूट ने मंजूर खान को हराकर ₹1100 की राशि अपने नाम की।

दर्जनों अन्य पहलवानों को बराबरी के मुकाबलों पर सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किया गया। निर्णायक मंडल में धीरेंद्र सिंह, राकेश पहलवान और पवन सिंह ने निष्पक्ष भूमिका निभाई, जबकि मंच संचालन की जिम्मेदारी रामपाल जौहरी ने निभाई।
इस भव्य आयोजन में चेयरमैन कमलेश मोहन, पूर्व चेयरमैन राजकुमार अग्रहरि, देवनारायण जायसवाल, भोला आढ़ती, अजीत सिंह, अमरनाथ जायसवाल, दिनेश आढ़ती, पंकज कुमार बुल्लू, कृपाशंकर अग्रहरि सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

जय बजरंग अखाड़ा समिति द्वारा आयोजित यह दंगल एक बार फिर साबित कर गया कि दुद्धी की अखाड़ा परंपरा आज भी जीवंत है और नागपंचमी के अवसर पर कुश्ती का उत्सव जनभावनाओं से जुड़ा एक गौरवशाली आयोजन बन चुका है।







