नौगढ़ में सर्पडंश से 10 साल के मासूम की मौत, झाड़-फूंक में बीता कीमती समय,गांव में पसरा मातम, अंधविश्वास ने ली मासूम की जान

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील अंतर्गत बोदलपुर गांव में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां सांप के डसने से 10 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। मृतक की पहचान अमन यादव पुत्र फुलगेन यादव के रूप में हुई है। अमन अपने माता-पिता का सबसे छोटा बेटा था और उसके दो बड़े भाई भी हैं।

परिजनों ने बताया कि अमन रोज की तरह घर के पास खेल रहा था, तभी अचानक एक जहरीले सांप ने उसके हाथ में डस लिया। डंसने के कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी, लेकिन परिजनों ने अस्पताल ले जाने के बजाय पहले झाड़-फूंक का सहारा लिया। इस अंधविश्वास के कारण अमूल्य समय गंवा दिया गया, जिससे बच्चे की हालत और बिगड़ गई।

झाड़-फूंक करने वाले बाबा ने उनको हॉस्पिटल जाने की सलाह दी, तब परिजन उसे निजी वाहन से नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही नौगढ़ थानाध्यक्ष रमेश यादव मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।

अमन के पिता फुलगेन यादव मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

यह घटना एक बार फिर से यह उजागर करती है कि ग्रामीण क्षेत्रों में झाड़-फूंक और अंधविश्वास के कारण आज भी कई निर्दोष जानें समय से पहले चली जाती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का स्पष्ट कहना है कि सर्पदंश के मामले में समय पर एंटी-वेनम इंजेक्शन ही जान बचा सकता है, न कि झाड़-फूंक।

Leave a Comment

1410
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?