अवैध अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन, आधा दर्जन से अधिक क्लिनिक व पैथोलॉजी सेंटर सील

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

बभनी (सोनभद्र /उत्तर प्रदेश)। जनपद सोनभद्र के बभनी क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित अस्पतालों, क्लिनिकों और पैथोलॉजी सेंटरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर आधा दर्जन से अधिक संस्थानों को सील किया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

स्वास्थ्य विभाग के गुरु प्रसाद, सह नोडल अधिकारी के नेतृत्व में टीम बभनी पहुंची। टीम के आने की भनक लगते ही अधिकांश निजी अस्पताल और क्लिनिक संचालक अपने प्रतिष्ठान बंद कर फरार हो गए। कई स्थानों पर ताले लटके मिले, जिस पर विभाग की ओर से कारण बताओ नोटिस चस्पा किए गए।

कार्रवाई के दौरान नीरज होम्यो हॉल और मार्डन पैथोलॉजी सेंटर को सील कर दिया गया। इसके बाद टीम बाल चिकित्सालय पहुंची, जहां अस्पताल बंद मिला और बाहर सीमेंट के प्रचार से संबंधित बैनर लगा पाया गया। इसके पश्चात बभनी बाजार में स्थित संजीवनी हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर को सील किया गया। वहीं चौना रोड स्थित आशीर्वाद क्लिनिक और न्यू होम्योपैथी चिकित्सालय पर भी ताला लगाकर सील की कार्रवाई की गई।

स्वास्थ्य विभाग ने बंद मिले क्लिनिकों पर कारण बताओ नोटिस चस्पा करते हुए तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है। अधिकारियों का कहना है कि वैध पंजीकरण और मानकों के बिना किसी भी हाल में चिकित्सा सेवाओं का संचालन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस संबंध में सह नोडल अधिकारी गुरु प्रसाद ने स्पष्ट किया कि संजीवनी हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर के संचालक के खिलाफ संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी गई है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध रूप से स्वास्थ्य सेवाएं चला रहे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और क्लिनिकों में खलबली मच गई है। आम लोगों ने भी इस कदम को मरीजों की सुरक्षा के लिहाज से जरूरी बताया है।

Leave a Comment

1346
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?