सी एस पाण्डेय
O- सोनभद्र का युवा, 900 किमी की भक्ति मय यात्रा से रच रहा नई पहचान
बभनी (सोनभद्र)। संकल्प, साहस और जुनून की मिसाल पेश करते हुए सोनभद्र जिले के एक युवा ने मोटरसाइकिल से 900 किलोमीटर की लंबी धार्मिक यात्रा का बीड़ा उठाया है। बभनी ब्लॉक के दरनखाड़ गांव निवासी 19 वर्षीय प्रियाशु शर्मा ने बभनी से जगन्नाथ पुरी धाम तक बाइक यात्रा शुरू कर न सिर्फ आत्मविश्वास का परिचय दिया है, बल्कि सोनभद्र का नाम राष्ट्रीय पटल पर रोशन करने का संकल्प भी लिया है।
प्रियाशु शर्मा बभनी क्षेत्र में यूट्यूब, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर सक्रिय एक युवा ब्लॉगर हैं। अपनी प्रभावशाली आवाज़ और रचनात्मक कंटेंट के कारण उन्होंने कम उम्र में ही सोशल मीडिया पर अच्छी पहचान बना ली है। कड़ाके की ठंड के बीच बाइक से लंबी यात्रा का उनका निर्णय क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रियाशु का यह साहसिक कदम युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन रहा है। लोग उनके प्रयास की सराहना कर रहे हैं और सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें लगातार समर्थन मिल रहा है। शनिवार तक प्रियाशु अपनी यात्रा में बभनी से ओडिशा की सीमा में प्रवेश कर चुके थे।
प्रियाशु शर्मा का कहना है कि इस यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक नहीं, बल्कि अपने ब्लॉग और डिजिटल माध्यमों के जरिए सोनभद्र की सकारात्मक पहचान देश-दुनिया तक पहुंचाना है। उनका मानना है कि युवा अगर ठान लें तो सीमित संसाधनों में भी बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।







