अमित मिश्रा
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। एनटीपीसी सिंगरौली शक्तिनगर क्षेत्र में स्थित बलिया नाला के आसपास बसो गांवो में जन चौपाल लगाकर सफाई के प्रति लोगो को जागरूक करने का निर्देश जिलाधिकारी बीएन सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति, पर्यावरण समिति एवं गंगा समिति की बैठक के दौरान दिया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वृक्षारोपण के लिए जिन विभागों द्वारा जिन वृक्षों का रोपण किया गया है वह उसकी सुरक्षा, देख-रेख सुनिश्चित करायें, जिससे कि पौधे सुरक्षित रहें।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि बलिया नाला के आस-पास बसे ग्रामों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कैम्प लगाया जाये और साफ-सफाई के सम्बन्ध में जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा भी बलिया नाला के आस-पास के गांवों में जिला पंचायत विभाग, एनटीपीसी व अन्य औद्योगिक इकाईयों द्वारा साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाये। इसके साथ ही सालिड बेस्ट मैनेजमेन्ट का निस्तारण प्रापर ढंग से सुनिश्चित किया जाये। गांवों में ग्रीन चौपाल का आयोजन जिला पंचायत राज अधिकारी व वन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में सुनिश्चित किया जाये और इस दौरान ग्रामीणों को वन की उपज से होने वाले लाभ के सम्बन्ध में जानकारी दी जाये, सोन नदी की घाटों के आस-पास साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाये।
निजी स्वास्थ्य केन्द्रों, अस्पतालों तथा पशु चिकित्सालयों में उत्पन्न होने वाले जैव चिकित्सा अपशिष्ट मानक के अनुसार निस्तारित किया जाये, उद्योगों द्वारा खतरनाक अपशिष्ट को नदियों व तालाबो में जाने से रोकने हेतु प्रभावी कार्यवाही की जाये। खनिज परिवहन से उत्पन्न होने वाले फ्लाईऐस के नियंत्रण हेतु प्रभावी कार्यवाही की जाये, नदियों को स्वच्छ निर्मल व अविरल रखने हेतु जागरूकता अभियान चलाया जाये, कृषि विभाग द्वारा सोन नदी के किनारे बसे गांवो में किसानो को आरगैनिंक प्राकृतिक खेती हेतु जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाये।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) वागीश कुमार शुक्ला, डीएफओ सोनभद्र आशुतोष जायसवाल, जिला विकास अधिकारी हेमन्त कुमार सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी इन्द्रभान सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 अश्वनी कुमार, डीसी मनरेगा रवीन्द्र वीर सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित उपस्थित रहें।







