चंदौली जिले के नौगढ़ में भारतीय जनता पार्टी द्वारा “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत मंगलवार को नौगढ़ में एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा दुर्गा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर पूरे नौगढ़ बाजार का भ्रमण करते हुए पुनः दुर्गा मंदिर परिसर में संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम, हर घर तिरंगा गर्व हमारा”, जैसे नारे लगते रहे, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया। रास्ते भर स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक तिरंगा लहराकर यात्रा का स्वागत किया।

भाजपा जिला अध्यक्ष काशी नाथ सिंह ने कहा कि तिरंगा यात्रा से लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत होती है और आजादी के लिए बलिदान देने वाले शहीदों के प्रति श्रद्धा बढ़ती है। उन्होंने तिरंगे को राष्ट्र की शान और सम्मान का प्रतीक बताते हुए सभी से अपने घर पर तिरंगा फहराने की अपील की।
मंडल अध्यक्ष भगवान दास अग्रहरी ने कहा, “यह अभियान हमें याद दिलाता है कि आजादी बड़ी कुर्बानियों से मिली है, और इसे संजोकर रखना हम सबका कर्तव्य है।”
ग्राम प्रधान पति दीपक गुप्ता ने कहा, “हर घर तिरंगा अभियान हमारे अंदर एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करता है। तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि हमारे देश का गर्व है।”
इस मौके पर ग्राम प्रधान पति दीपक गुप्ता, मंडल अध्यक्ष भगवान दास अग्रहरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेंद्र साहनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। स्थानीय कार्यकर्ताओं में मनेंदर मौर्य, मनोज केशरी, सुनील चौरसिया, सर्वजित खरवार, सूरज केशरी, मलिक गोंड, कुंदन गोंड, आशीष मौर्य आदि सक्रिय रूप से शामिल रहे।
कार्यक्रम ने स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे क्षेत्र में देशभक्ति और उत्सव का माहौल बना दिया। लोगों में तिरंगे के प्रति सम्मान और गर्व की भावना और अधिक प्रबल हुई।







