अमित मिश्रा
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र के नरोखर गांव में ग्राम प्रधान और स्थानीय युवा आज़ाद क्रांति के संयोजन में कैनवस क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन अपना दल (एस) युवा मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय नवनिर्माण सेना ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद पटेल ‘दयालु’ ने बतौर मुख्य अतिथि किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अल्पसंख्यक मंच के प्रदेश सचिव जनाब महताब आलम, अपना दल (एस) के जिला सचिव संतोष कनौजिया, राष्ट्रीय नवनिर्माण सेना ट्रस्ट के प्रदेश सचिव श्री विकास कुमार गौड़, तथा ग्राम प्रधान नरोखर उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि आनंद पटेल ‘दयालु’ ने कहा कि गांव की गलियों में बिना किसी विशेष सुविधा के इस प्रकार की प्रतियोगिता आयोजित होना गर्व की बात है। उन्होंने कहा,
“जहां अच्छा पिच और मैदान नहीं है, वहां भी अगर युवाओं के हौसले बुलंद हैं, तो यही असली खेल भावना है। जो लोग स्वास्थ्य के लिए समय नहीं निकालते, उन्हें बीमारी के लिए समय निकालना पड़ता है। खेल को सिर्फ मज़ा नहीं, एक मिशन की तरह लिया जाना चाहिए। आज हम गांव में खेल रहे हैं, कल देश के लिए खेलें—यह सोच हर खिलाड़ी की होनी चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा,
“खेल सिर्फ शरीर को स्वस्थ नहीं करता, बल्कि मन और मस्तिष्क को भी अनुशासित करता है। जो खिलाड़ी मैदान में पसीना बहाता है, वही जिंदगी के हर मैदान में डटकर खड़ा रहना सीखता है। खेलों से आत्मविश्वास, नेतृत्व और सकारात्मक सोच विकसित होती है, जो एक मजबूत राष्ट्र के निर्माण में मदद करती है।”
इस आयोजन में ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी रही और युवाओं में जोश और उत्साह साफ नजर आया। आयोजन को सफल बनाने में ग्राम प्रधान, स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों की अहम भूमिका रही।







