वीरेंद्र कुमार
विंढमगंज (सोनभद्र)। भारत रत्न से सम्मानित पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को थाना क्षेत्र अंतर्गत बुटवेढ़वा पंचायत भवन में सुशासन दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय जनता पार्टी के विंढमगंज मंडल द्वारा किया गया, जिसकी अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष रामनरेश पासवान द्वारा अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर धूप-दीप और पुष्प अर्पित कर की गई। इसके पश्चात उपस्थित कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने उनके विचारों और आदर्शों को स्मरण किया।
मुख्य अतिथि रामनरेश पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिवस केवल एक स्मरण दिवस नहीं, बल्कि सुशासन के मूल्यों को आत्मसात करने का अवसर है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में भारत सरकार द्वारा 25 दिसंबर को सुशासन दिवस घोषित किया गया, ताकि शासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनकल्याण की भावना को मजबूत किया जा सके।
उन्होंने कहा कि अटल जी का जीवन राष्ट्र निर्माण, लोकतांत्रिक मर्यादाओं और संवेदनशील शासन का प्रतीक रहा है। सुशासन दिवस के माध्यम से सरकार और समाज मिलकर यह संकल्प लेते हैं कि प्रशासन को अधिक उत्तरदायी, पारदर्शी और जनहितकारी बनाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेवा कार्यों और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन पर भी चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के विचार आज भी “नए भारत” की दिशा तय करने में प्रेरणास्रोत हैं।
इस अवसर पर रामनरेश पासवान, वीरेंद्र चौधरी, संजय कुमार गुप्ता, रवि जायसवाल, संजीव कुमार, दीपक कुमार गुप्ता, संजीत गुप्ता, पंकज गोस्वामी, मुन्ना पासवान, रामचंद्र पासवान, नंदकिशोर गुप्ता, सुमित कांश्यकार, जिद्दन लाल, इंदु देवी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।







