O पुलिस ने बताया – मालगाड़ी की चपेट में आने से हुई मौत, परिजनों मे शोक की लहर
सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के रौप गांव निवासी 40 वर्षीय श्याम सुंदर भारती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पीथा व सहिजन कला गांव के बीच रेलवे पटरी पर रविवार की देर रात मिला। उसके सिर व शरीर में चोट के निशान हैं। रात में ही पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। मृतक की पुत्री की 19 मई को शादी होनी है। घटना से स्वजन में चीख-पुकार मच गई। रौप गांव निवासी उर्मिला ने बताया कि उसका पति रविवार रात घर में खाना खाकर सोया था। रात करीब 10 बजे गांव का ही एक व्यक्ति उसके घर पहुंचा और आवाज देकर बुलाया। इसके बाद दोनों कहीं चले गए। परिवार वालों ने सोचा कि आसपास में ही होंगे, इस पर घर वाले सो गए। उर्मिला ने बताया कि रात लगभग 12 बजे गांव का ही वही व्यक्ति उसके घर आया और जानकारी दी कि उसके पति श्याम सुंदर का शव पीथा व सहिजन गांव के बीच रेलवे पटरी पर मिला है। जब वह मौके पर पहुंची तो वहां पुलिस पहुंच चुकी थी। जिस व्यक्ति के साथ उसका पति घर से बाहर गया था, वह वहां नहीं था। वही पुलिस ने बताया कि श्याम सुंदर की मौत मालगाड़ी से देर रात धक्का लगने से हुई है। मालगाड़ी के लोको पायलट ने सोनभद्र रेलवे स्टेशन अधीक्षक को जानकारी दी थी कि एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है। अचानक सामने आने के कारण ट्रेन रोकी नहीं जा सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।





