अमित मिश्रा
O- देश आत्मनिर्भर बनकर विश्व को देगा नई दिशा : अमरनाथ यादव
सोनभद्र। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान एवं शिक्षक/स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर जिला कार्यालय पर संयुक्त कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमरनाथ यादव एवं पूर्व विधायक व एमएलसी चुनाव संयोजक सुरेंद्र सिंह रहे।
कार्यशाला का शुभारंभ पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन से किया गया। अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल ने की, जबकि संचालन जिला संयोजक ओमप्रकाश दूबे और कृष्णमुरारी गुप्ता ने किया।
मुख्य अतिथि अमरनाथ यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आत्मनिर्भर भारत अभियान देश की आर्थिक स्वतंत्रता की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। यदि घोषित आर्थिक पैकेज को सही दिशा में लागू किया गया, तो भारत न केवल आत्मनिर्भर बनेगा बल्कि विश्व के अन्य देशों की भी मदद करने की स्थिति में आ जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य विदेशी निर्भरता को समाप्त कर स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना और युवाओं के लिए रोजगार सृजन करना है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों, किसानों, श्रमिकों और गरीबों के लिए यह योजना वरदान साबित होगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षक व स्नातक क्षेत्र एमएलसी चुनाव में भाजपा का विजय पथ पूरी तरह चुनाव प्रबंधन और संगठन की एकजुटता पर आधारित है। भाजपा के पास अनुशासित और परिश्रमी कार्यकर्ताओं की बड़ी फौज है, जिन्हें चुनाव में रणनीतिक जिम्मेदारियां सौंपी जानी चाहिए।
वहीं जिला प्रभारी अनिल सिंह ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का संदेश पूरे देश में गूंज रहा है। प्रधानमंत्री ने भारतीय विवाह स्थलों, पर्यटन स्थलों और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का जो आह्वान किया है, उसे जन-जन तक पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं का कर्तव्य है। उन्होंने अपील की कि हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी का मंत्र अपनाकर समाज को जागरूक किया जाए।
कार्यशाला में पहुंचे कार्यकर्ताओं का स्वागत भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल ने स्मृतिचिह्न और अंगवस्त्र भेंटकर किया।
बैठक में पूर्व सांसद नरेन्द्र कुशवाहा, शारदा खरवार, रामलखन सिंह, अशोक मिश्रा, धर्मवीर तिवारी, अजीत चौबे, अनिल सिंह गौतम, आलोक सिंह, अनूप तिवारी, शंभू नारायण सिंह, बलराम सोनी सहित सैकड़ों पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।







