चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र में 18 नवंबर को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल विद्युत विभाग के एसएसओ धनंजय शर्मा (54 वर्ष) का इलाज के दौरान निधन हो गया है। वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में चार दिनों तक चले उपचार के बाद शुक्रवार शाम को उन्होंने अंतिम सांस ली। मौत के बाद स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामे की कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए वाराणसी मोर्चरी हाउस भेजा, इस घटना से उनके परिवार के कोहराम मच गया है, वही विभागीय कर्मचारियों में शोक व्याप्त है।
यह हादसा मंगलवार शाम देवखत गांव के समीप उस समय हुआ था, जब धनंजय शर्मा अपने घर से ड्यूटी ज्वाइन करने नौगढ़ आ रहे थे। सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे बाइक समेत कुछ दूर तक घसीटते चले गए और सड़क किनारे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
सूचना मिलते ही नौगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घायल धनंजय शर्मा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया था। लगातार इलाज के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। शुक्रवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।







