नवीन कुमार
कोन(सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। स्थानीय थाना कोन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कचनरवा के टोला हड़वरिया में रविवार की शाम एक हृदयविदारक हादसा हो गया। घर के सामने बनी मड़ई में आग तापते समय अचानक आग भड़क उठी, जिसमें एक बुजुर्ग महिला जिंदा जलकर मौत का शिकार हो गई, जबकि उसका पति किसी तरह जान बचाकर बाहर निकाला गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हड़वरिया टोला निवासी बुजुर्ग दंपति जगन राम और उनकी पत्नी जासो देवी (उम्र लगभग 73 वर्ष) रविवार की शाम करीब 7 बजे भोजन करने के बाद ठंड से बचने के लिए अपने घर के सामने बनी मड़ई में आग ताप रहे थे। आग की लौ जब कुछ धीमी पड़ी तो दंपति ने पास में रखे पुवाल (सूखा भूसा) को आग में डाल दिया।
पुवाल डालते ही आग अचानक तेज लपटों में बदल गई। मड़ई की ऊंचाई कम होने और उसमें ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग ने देखते ही देखते पूरी मड़ई को अपनी चपेट में ले लिया। जब तक बुजुर्ग दंपति कुछ समझ पाते, तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। वही शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद बुजुर्ग जगन राम को किसी तरह बाहर निकाल लिया गया, लेकिन तब तक उनकी पत्नी जासो देवी आग की चपेट में आ चुकी थीं और मौके पर ही उनकी जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। पति की आंखों के सामने पत्नी की मौत हो जाने से परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना ग्राम प्रधान प्रतिनिधि द्वारा तत्काल थाना कोन के निरीक्षक को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की तथा आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।







