इको पर्यटन का हुआ शुभारम्भ विश्व पटल पर बनेगी जनपद की पहचान

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जनपद में इको पर्यटन का शुभारम्भ शनिवार को विश्व प्रसिद्ध फासिल्स पार्क में सदर विधायक भूपेश चौबे, जिलाधिकारी बीएन सिंह व पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पौधरोपण करके किया। इस दौरान सदर विधायक सदर भूपेश चौबे ने कहा कि फासिल्स पार्क जनपद सोनभद्र में स्थित है, यह जनपद के लिए बहुत ही गर्व की बात है और इस फासिल्स पार्क को यूनेस्कों की सूची में दर्ज करने की कार्यवाही चल रही है, शीघ्र ही यह देश ही नहीं विदेशों में इस पार्क की पहचान बनेगी।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सदर विधायक ने कहा कि फासिल्स पार्क को देखने के लिए आने वाले पर्यटकों को मूल भूत सुविधाएं जैसे कि रेस्ट रूम, शौचालय, पानी की व्यवस्था, बैठने हेतु बेंच आदि की व्यवस्था सुचारू ढंग से की जाये और इसका प्रचार-प्रसार व्यापक स्तर पर किया जाये और इससे सम्बन्धित होर्डिंग बनारस, मीरजापुर जनपद के प्रमुख स्थलों पर लगायी जाये, जिससे कि उन जनपदों में आने वाले पर्यटकों को सलखन फासिल्स पार्क के सम्बन्ध में जानकारी उपलब्ध हों और वह जनपद में टूरिज्म के दृष्टि से आ सकें।

इस दौरान जिलाधिकारी बीएन सिंह ने उपस्थित जन मानस को सम्बोधित करते हुए कहा कि सलखन फासिल्स पार्क जनपद की सबसे महत्वपूर्ण पहचान है। वन्य जीव का बहुत पुराना इतिहास विन्ध्य पर्वत माला के कन्दराओं से जीवन की उत्पत्ति हुई है। मानव जीवन की उत्पत्ति से सम्बन्धित भित्ति चित्र भी इस जनपद में अवस्थित हैं। उन्होंने कहा कि सलखन फासिल्स पार्क में मूलभूत सुविधाओं को उपलब्ध कराने के लिए जो भी धनराशि की आवश्यकता पड़ेगी, वह जिला प्रशासन सीएसआर व अन्य मद के माध्यम से उपलब्ध करायेगा।

वन विभाग द्वारा इस पार्क का बेहतर ढंग से सौन्दर्यीकरण करा देेने पर यह जनपद की एक बहुत बड़ी विरासत और पहचान के रूप में जाना जायेगा। सलखन फासिल्स पार्क के आगे स्थित तालाब का भी सौन्दर्यीकरण कराया जाये और पार्क के आस-पास कैन्टीन आदि की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु व्यापक योजना बनायी जाये।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने उपस्थित जन मानस को सम्बोधित करते हुए कहा कि सलखन फासिल्स पार्क विश्व की धरोहर के रूप में जनपद सोनभद्र में स्थित है। इसका व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार होेने से पर्यटकों का जनपद में आवागमन बढ़ेगा, जिसके माध्यम से स्थानीय स्तर पर लोगों को रोजगार की सुविधा उपलब्ध होगी।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी(वि0/रा0) वागीश कुमार शुक्ला, डीएफओ कैमूर वन्य जीव बिहार तापिस मिहिर व डीएफओ ओबरा सहित वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

1130
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?