अमित मिश्रा
हर बूथ पर पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने तेज किया मतदाता सूची सत्यापन
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जनपद में विशेष मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिले के प्रत्येक बूथ और पोलिंग सेंटर पर पहुंचकर मतदाता सूची के सत्यापन की गति तेज कर दी है। कार्यकर्ताओं ने बीएलओ के साथ समन्वय बनाते हुए घर–घर जाकर आवश्यक दस्तावेज जुटाए तथा अधिक से अधिक मतदाताओं के फॉर्म पूर्ण रूप से जमा करवाये।
इस दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी ने रॉबर्ट्सगंज स्थित आदर्श इंटर कालेज पर अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि वर्तमान समय में देश को एसआईआर (सत्यापन, जांच और समीक्षा) की बेहद आवश्यकता है। फर्जी मतदाताओं का नाम हटाना लोकतांत्रिक व्यवस्था को शुद्ध और मजबूत बनाता है। कई राजनीतिक दल फर्जी मतदाताओं के आधार पर अपना वोट बैंक खड़ा कर लेते हैं, लेकिन यह अभियान उन सभी फर्जी नामों को चिन्हित कर उन्हें हटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि फर्जी मतदाताओं के हटने से न केवल चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी होगी, बल्कि सरकारी योजनाओं का लाभ भी वास्तविक पात्रों तक पहुंचेगा। इससे सरकार को अनावश्यक व्यय से भी राहत मिलेगी और पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सकेगा।
डॉ. तिवारी ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अन्य कार्यों को छोड़कर इस समय मतदाता पुनरीक्षण अभियान को प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा से कार्य करें।
इस अभियान में सभासद विनोद सोनी, सच्चिदानंद पांडे, डब्लू तिवारी, राहुल शर्मा, योगेश सिंह, सत्यम सोनी, अखिलेश कश्यप सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सक्रिय रूप से मौजूद रहे।







