अमित मिश्रा
मुंबई की टीम प्रदूषण पर बनाएगी डॉक्यूमेंट्री फिल्म
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। प्रदेश का सोनभद्र व मध्य प्रदेश का सिंगरौली जिला में वायु और जल प्रदूषण को लेकर डॉक्यूमेंट्री फिल्म बनायी जा रही है, मुंबई से आई फिल्म टीम ने शक्तिनगर, अनपरा और बीजपुर का स्थलीय दौरा किया। टीम ने अनपरा में स्थित हर घर जल नल योजना के तहत बनी पेयजल टंकी, शक्तिनगर के बलियानाला में बहते कोयला मिश्रित दूषित पानी तथा बीजपुर की झीलो के आसपास फैले प्रदूषण का विस्तार से अध्ययन किया। इसके साथ ही टीम ने इलाके के विभिन्न स्थलों का फोटो और वीडियो शूट किया।
इस दौरान फिल्म के डायरेक्टर देवेन्द्र जाधव,फिल्म निर्माता बंटी श्रीवास्तव,सुरेंद्र सिंह तथा अन्य लोग टीम के साथ मौजूद रहे। जिन्होने बताया कि इस डॉक्यूमेंट्री में ऊर्जा राजधानी जो अब प्रदूषण की राजधानी बनती जा रही है में पर्यावरण पर हो रहे प्रभाव को फिल्म मे दिखाया जाएगा।
वही टीम के साथ मौजूद रहे सिंगरौली एवं सोनभद्र मे कई दशको से पर्यावरण पर काम करने वाले एवं सुप्रीम कोर्ट मे एनजीटी मे जनहित याचिकाकर्ता, सिंगरौली प्रदूषण मुक्ति वाहिनी के सदस्य और वरिष्ठ पर्यावरण कार्यकर्ता जगतनारायण विश्वकर्मा ने कहा फिल्म की शूटिंग होने से लोगो के अंदर क्षेत्र मे फैले प्रदूषण को लेकर जागरूकता आएगी।







