अमित मिश्रा
पंचशील मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल छपका में डॉक्टर्स डे पर हुआ सम्मान समारोह, केक काटकर मनाया गया चिकित्सकों का योगदान
सोनभद्र। पंचशील मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल, छपका में मंगलवार को डॉक्टर्स डे के अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में हॉस्पिटल डायरेक्टर पवित मोर्चा ने डॉक्टरों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और केक काटकर डॉक्टर्स डे की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम में मौजूद चिकित्सकों और आमजन को संबोधित करते हुए वरिष्ठ डॉक्टर अनुपमा मौर्या ने कहा कि डॉक्टर केवल एक पेशा नहीं है, बल्कि यह इंसानियत की सबसे बड़ी सेवा है। डॉक्टर हर दिन निस्वार्थ भाव से मरीजों की सेवा करते हैं और कई बार अपनी जान की परवाह किए बिना मानव जीवन बचाने में जुटे रहते हैं।
डॉ. अनुपमा मौर्या ने बताया कि हर साल 1 जुलाई को राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे मनाया जाता है। यह दिन भारत के महान चिकित्सक, स्वतंत्रता सेनानी और पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. बिधान चंद्र रॉय की याद में समर्पित है। उन्होंने आगे कहा कि डॉक्टर हमारे जीवन के अनदेखे रक्षक होते हैं, जो दिन-रात मरीजों की सेवा में तत्पर रहते हैं।
डॉ. अनुपमा ने यह भी बताया कि डॉक्टर्स डे दुनिया भर में अलग-अलग तारीखों पर मनाया जाता है, लेकिन उद्देश्य सभी जगह एक ही है — चिकित्सकों के योगदान का सम्मान करना और उनके प्रति आभार प्रकट करना। भारत में यह दिन विशेष रूप से डॉ. बिधान चंद्र रॉय की जयंती और पुण्यतिथि पर मनाया जाता है।
इस अवसर पर अस्पताल के डायरेक्टर पवित मोर्चा ने भी डॉक्टरों की अहमियत पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कोविड जैसी महामारी में डॉक्टरों ने जिस तरह अपनी जान जोखिम में डालकर मरीजों की सेवा की, वह अपने आप में मिसाल है। ऐसे में हर नागरिक का कर्तव्य है कि डॉक्टरों का सम्मान करे।
कार्यक्रम में डॉक्टर अंजनी कुमार सिंह, डॉ. सुशील कृष्णमूर्ति, डॉ. सौरभ सिंह, डॉ. अनिल जायसवाल, डॉ. विवेक कुमार सिंह, डॉ. दीप नारायण समेत अस्पताल के तमाम चिकित्सक और स्टाफ मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी डॉक्टरों को सम्मानित किया गया और उनके समर्पण के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।







