सोनभद्र। शासन की मंशा के अनुरूप जिले की चारों तहसीलों में फरवरी महीने के तृतीय शनिवार को ‘‘सम्पूर्ण समाधान दिवस‘‘ का आयोजन किया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस रॉबर्ट्सगंज में जिलाधिकारी बीएन सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा शिकायतकर्ताओं की शिकायतों को सुना गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्राप्त शिकायतों का गुणवत्ता पूर्ण तरीके से निस्तारण किया जाये। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि जन मानस के शिकायतों का निस्तारण जनपद स्तर पर हो जाये उन्हें इसके लिए अन्यत्र भटकाना न पड़े। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यालय दिवस पर अधिकारी अपने कार्यालय में उपस्थित होकर जनसामान्य की समस्याओं/शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करें। इस दौरान उन्होंने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल, सम्पूर्ण समाधान दिवस, थाना दिवस में प्राप्त होने वाली शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं का फीडबैक लेते हुए शिकायतों का निस्तारण किया जाये, जिससे कि शिकायतकर्ता को किसी प्रकार की समस्या न हो और उनके प्रकरण का निस्तारण समय से किया जा सके। शिकायतों का गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण न होने पर सम्बन्धित अधिकारी के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। आज के सम्पूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित पाये गये प्रभागीय वनाधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, अधिशासी अभियन्ता सिंचाई, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद, अधिशासी अभियन्ता जल जीवन मिशन शहरी को जिलाधिकारी ने स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिये। सम्पूर्ण समाधान दिवस में वृद्धा पेंशन के 04 लाभार्थियों का निस्तारण, राशकार्ड में 02 लाभार्थियों का नाम जोड़ कर निस्तारण, दिव्यांगजनो को कृत्रिम उपकरण हेतु 02 आवेदन प्राप्त हुआ, समाज कल्याण विभाग के स्टाल पर वृद्धजनों की समस्याओं को सुनते हुए, अपूर्ण आवेदनों को मौके पर ही दुरुस्त कराया गया, कई पात्र वृद्धजनों की वृद्धावस्था पेंशन को तत्काल स्वीकृति प्रदान करते हुए उन्हें योजनाओं से जोड़ा गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस के मौके पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज उत्कर्ष द्विवेदी ने 127 शिकायतें सुनते हुए, मौके पर ही 10 मामले निस्तारित किये गये और 5 टीम को क्षेत्र में भेजकर 10 प्रकरण को निस्तारित किये गये। इस प्रकार तहसील दिवस रॉबर्ट्सगंज में कुल 20 मामले निस्तारित हुए, बाकी 107 प्रकरणों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के निर्देश सम्बन्धित को दिये गये। इस मौके पर जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, परियोजना अधिकारी डूडा सुधांशु शेखर शर्मा, डीसी मनरेगा रवीन्द्र वीर सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य सम्बन्धितगण उपस्थित रहें। सम्पूर्ण समाधान दिवस ओबरा में तहसीलदार ओबरा नरेन्द्र राम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ, इस मौके पर तहसील में आये शिकायतकर्ताओं की शिकायतों का निस्तारण किया गया। इस मौके पर तहसीलदार ओबरा आदि ने 37 शिकायतें सुनते हुए मौके पर ही 04 मामले निस्तारित किये गये। इस प्रकार तहसील दिवस ओबरा में कुल 4 मामले निस्तारित हुए, बाकी 33 प्रकरणों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के निर्देश सम्बन्धित को दिये गये। -सम्पूर्ण समाधान दिवस दुद्धी का आयोजन उप जिलाधिकारी दुद्धी निखिल यादव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ, इस मौके पर तहसील में शिकायतकर्ता के माध्यम से प्राप्त प्रार्थना-पत्रों का निस्तारण किया गया। इस मौके पर उप जिलाधिकारी दुद्धी, तहसीलदार आदि ने 32 शिकायतों को सुनते हुए मौके पर ही 02 मामले निस्तारित किये गये। बाकी 30 प्रकरणों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के निर्देश सम्बन्धित को दिये गये।





