“विश्वकर्मा समाज ने कलेक्ट्रेट पर दिया धरना, एडीएम को सौंपा ज्ञापन”
सोनभद्र। प्रतापगढ़ में सौरभ विश्वकर्मा की पीट-पीटकर हत्या और लोकजन सोशलिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र विश्वकर्मा के साथ कथित अभद्र व्यवहार के विरोध में गुरुवार को विश्वकर्मा समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई।
लोकजन सोशलिस्ट पार्टी के जिलाध्यक्ष बुन्दर प्रसाद विश्वकर्मा ने कहा कि पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ किया गया व्यवहार लोकतांत्रिक और संवैधानिक मर्यादाओं के विपरीत है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषी पुलिसकर्मी पर कड़ी कार्रवाई और राष्ट्रीय अध्यक्ष को सुरक्षा देने की मांग की।
विश्वकर्मा चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष सुदामा विश्वकर्मा ने कहा कि प्रदेश में विश्वकर्मा समाज के साथ हत्या और उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने सौरभ विश्वकर्मा के हत्यारोपितों को कड़ी सजा, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सौरभ विश्वकर्मा के परिवार से मिलने जा रहे डॉ. वीरेंद्र विश्वकर्मा को रास्ते में जेठवारा थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह द्वारा रोका गया और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन में राजकुमार मौर्य, विनय विश्वकर्मा, सूरज, राजेश विश्वकर्मा, ओमप्रकाश, शिवपूजन, हरिशंकर, दौलत राम, सुनील शर्मा, रवि शंकर विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।





