अमित मिश्रा
O – दर्जनों मजदूरों ने सीजीएम ओबरा को सौंपा पत्रक
ओबरा (सोनभद्र)। ठेका मजदूर यूनियन के जिला उपाध्यक्ष तीरथराज यादव के खिलाफ फर्जी आरोप लगाकर उनकी छवि धूमिल करने की गहरी साजिश रची जा रही है। इसके विरोध में दर्जनों मजदूरों ने मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम), ओबरा तापीय परियोजना को पत्रक सौंपा। यूनियन के जिला संयुक्त मंत्री मोहन प्रसाद ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में बताया कि पत्रक के माध्यम से षड्यंत्र का पर्दाफाश करते हुए उचित कार्रवाई की मांग की गई है।
फर्जी आरोप और साजिश का पर्दाफाश
पत्रक में उल्लेख किया गया है कि कुछ निहित स्वार्थी ताकतें तीरथराज यादव के खिलाफ फर्जी आरोप लगाकर उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने का प्रयास कर रही हैं। बताया गया कि कोयला संचालन खंड एक ब ताप विद्युत गृह में कार्यरत ठेका मजदूर राजबली भारती, जो कार्य में अनुशासनहीनता और लगातार अनुपस्थित रहने के लिए चर्चित हैं, को अधिकारियों द्वारा अनुशासन में रहने की हिदायत दी गई थी।
तीरथराज यादव ने भी राजबली भारती को अनुशासन का पालन करने का आग्रह किया था, लेकिन इसके विपरीत राजबली भारती ने यादव पर पैसे की वसूली का निराधार आरोप लगाकर उनकी छवि को खराब करने का प्रयास किया।
साजिश का विरोध और निष्पक्ष जांच की मांग
मजदूरों ने पत्रक में स्पष्ट किया कि आरोप पूरी तरह से मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण हैं। राजबली भारती ने मजदूरों को गुमराह कर उनसे हस्ताक्षर करवाकर कार्रवाई की मांग की है, जबकि तीरथराज यादव के खिलाफ लगाए गए आरोपों का कोई आधार नहीं है।
मजदूरों ने मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और साजिश रचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि श्रमिक नेता की छवि को धूमिल करने का कुप्रयास नाकाम हो सके।







