सोनभद्र। गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी सोनभद्र के अध्यक्ष रामराज सिंह गोंड के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा पदाधिकारी ने पिछले दिनों उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष पूर्व मंत्री अजय राय सहित कांग्रेस जनों पर लाठी चार्ज की घटना को लेकर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिला अधिकारी के प्रतिनिधि को सौपा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गांधी प्रतिमा के पास बैठकर “रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीताराम” का भजन किया। जिला अध्यक्ष रामराज सिंह गोंड ने बताया कि 17 फरवरी को राष्ट्रीय आवाहन पर मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत विधानसभा घेराव का कार्यक्रम पूर्व निर्धारित था। प्रदेश भर के कांग्रेस पदाधिकारी कार्यकर्ता अपने प्रदेश कार्यालय से विधानसभा का घेराव करने शांतिपूर्ण एवं गांधीवादी तरीके से जा रहे थे और सरकार के इशारे पर पुलिस द्वारा निर्दोष कार्यकर्ताओं पर बर्बरता पूर्वक लाठी चार्ज किया गया।
जिसमें हमारे प्रदेश अध्यक्ष समेत कई जिलों के कार्यकर्ता प्रदेश पदाधिकारी घायल हुए। इसके विरोध में आज हम लोग यहां पर गांधी प्रतिमा के सामने अपने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए भजन कीर्तन कर रहे हैं और हम महामहिम राज्यपाल महोदय से यह मांग करते हैं कि आम जनता की आवाज उठाने का अधिकार जो राजनीतिक पार्टियों को मिला है उसको लोकतांत्रिक तरीके से करने का उनका हक छीना जा रहा है।
पुलिस और प्रशासन के बल पर आंदोलन को कुचला जा रहा है। कांग्रेस जन संवैधानिक ढंग से आगे भी धरना प्रदर्शन एवं जनता की आवाज बनकर सरकार के गलत नीतियों का विरोध करते रहेंगे। उक्त कार्यक्रम में पूर्व शहर अध्यक्ष राजीव त्रिपाठी, जिला प्रवक्ता कन्हैयालाल पांडे, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता जितेंद्र देव पांडे, पिछड़ा प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सेत राम केसरी, दयाशंकर पांडे, बाबूलाल पनिका, तमेश्वर तिवारी, लल्लू राम पांडे, शीतला सिंह पटेल, नियाज अहमद खान आदि लोग शामिल रहे।






