सी एस पाण्डेय
O- ‘वृक्ष बचाओ’ नाटक से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
O- असनहर प्राथमिक विद्यालय में वार्षिकोत्सव, बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने जीता सबका दिल
बभनी (सोनभद्र)। विकासखंड अंतर्गत असनहर प्राथमिक विद्यालय में आयोजित वार्षिकोत्सव समारोह में बच्चों की प्रतिभा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य और नाटक के माध्यम से शिक्षा के साथ सामाजिक संदेश भी दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नूर मोहम्मद ने समाजसेवी कमलेश गुप्ता और विद्यालय के शिक्षकों के साथ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद बच्चों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।

वार्षिकोत्सव में बाल वाटिका के छात्र-छात्राओं ने भी अपनी प्रस्तुति देकर अभिभावकों और अतिथियों का दिल जीत लिया। छोटे-छोटे बच्चों की मनमोहक अदाओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम की खास प्रस्तुति बच्चों द्वारा मंचित ‘वृक्ष बचाओ’ नाटक रहा, जिसमें पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पेड़ों को बचाने का संकल्प लिया गया। बच्चों ने नाटक के माध्यम से बताया कि प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर शिक्षकों में शेखर तिवारी, श्यामजी और सी.एस. पांडेय सहित विद्यालय परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
🔴 टाइटल
सोनभद्र: वार्षिकोत्सव में बच्चों की शानदार प्रस्तुति, ‘वृक्ष बचाओ’ नाटक से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश






