अहिल्याबाई होल्कर को महान कहें अखिलेश-राहुल, है हिम्मत तो बोल कर दिखाए” – रविन्द्र जायसवाल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

O- भाजपा का भव्य त्रिशताब्दी स्मृति समारोह, विपक्ष पर साधा सीधा निशाना

सोनभद्र। भाजपा द्वारा आयोजित अहिल्याबाई होल्कर त्रिशताब्दी स्मृति कार्यक्रम के मंच से प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने सपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अखिलेश यादव और राहुल गांधी को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें राष्ट्रभक्ति का भाव है, तो सार्वजनिक मंच से माता अहिल्याबाई होल्कर को ‘महान’ कहकर दिखाएं।

उन्होंने कहा कि भाजपा महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी और अहिल्याबाई होल्कर जैसी विभूतियों को महान मानती है, जबकि विपक्षी दलों के नेताओं के लिए बाबर, औरंगजेब और मोहम्मद गाजी आदर्श बनते जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा, कांग्रेस और बसपा जैसे दल मुगल शासकों के अनुयायी बन चुके हैं और ऐसे लोगों को महिमामंडित कर रहे हैं जिन्होंने भारत की संस्कृति और अस्मिता को कुचलने का काम किया।

जायसवाल ने मंच से कहा कि केवल भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो अपने हर कार्यक्रम में भारत माता की जय और वंदे मातरम् का उद्घोष करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य राष्ट्र निर्माण है, जबकि कुछ दल वोटबैंक की राजनीति के लिए आक्रांताओं का गौरवगान करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा केवल चरित्र और सिद्धांत आधारित राजनीति में विश्वास रखती है। पार्टी में कोई भी नेता अगर चरित्रहीनता में लिप्त पाया जाएगा तो उसे संगठन से बाहर कर दिया जाएगा।

मिशन सिंदूर से जुड़े सवाल पर बोलते हुए रविन्द्र जायसवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को ‘नादान’ करार दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को न तो भारतीय संस्कृति की समझ है और न ही देश के गौरवशाली इतिहास का बोध।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे रविन्द्र जायसवाल के साथ विशिष्ट अतिथि और कार्यक्रम संयोजक के रूप में विधान परिषद सदस्य श्यामनारायण सिंह उर्फ विनीत सिंह भी उपस्थित रहे। आयोजन में स्थानीय लोगों की भारी उपस्थिति देखी गई और सभागार ‘भारत माता की जय’ तथा ‘अहिल्याबाई होल्कर अमर रहें’ के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम के अंत में सभी ने माता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

Leave a Comment

1347
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?