O- जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा, जल निगम की कमियां हुईं उजागर
म्योरपुर (सोनभद्र)। बभनी विकास खंड में शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ने की।

बैठक की शुरुआत पूर्व में स्वीकृत एवं प्रगति पर चल रहे विकास कार्यों के मूल्यांकन से हुई। ‘हर घर जल’ योजना के तहत पाइपलाइन कनेक्शन की प्रगति पर जल निगम के जेई ने जानकारी दी। इस दौरान ग्राम प्रधानों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने जल आपूर्ति में अनियमितता और अधूरे कार्यों को लेकर गंभीर सवाल उठाए। ग्रामीणों ने योजना में गुणवत्ता की कमी और सर्वे की खामियों को उजागर किया। जेई ने आश्वस्त किया कि सर्वे कराकर आवश्यक सुधार किए जाएंगे।
स्वास्थ्य योजनाओं पर विशेष जोर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. राजन सिंह ने आयुष्मान भारत योजना, नसबंदी प्रोत्साहन राशि तथा टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिन पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड नहीं बना है, वे मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत आवेदन कर निशुल्क इलाज का लाभ ले सकते हैं।
शिक्षा विभाग की पहल
खंड शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार पांडेय ने बताया कि प्रत्येक छात्र के खाते में ड्रेस, जूता-मोजा के लिए 1200 रुपये की धनराशि भेजी जाती है। उन्होंने चिंता जताई कि कई अभिभावक इस राशि का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के बजाय अन्य कार्यों में कर देते हैं। विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर की निगरानी के लिए प्रत्येक बच्चे की आईडी जारी की गई है।
पोषण एवं महिला कल्याण
सीडीपीओ ने बताया कि पुष्टाहार का लाभ केवल ई-केवाईसी पूर्ण करने वाले लाभार्थियों को ही मिलेगा। साथ ही प्रथम प्रसव पर मातृशक्ति को 5 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है।
स्वच्छ भारत मिशन व मनरेगा की समीक्षा
एडीओ पंचायत सतीश कुमार सिंह ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय, आरआरसी और खाद गड्ढा निर्माण की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शौचालय निर्माण के बाद भी कई लाभार्थी उसका उपयोग नहीं कर रहे हैं, जिसके लिए जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है।
मनरेगा के एपीओ ने बताया कि मार्च के बाद नई व्यवस्था के तहत कार्य फेस रिकॉग्निशन के माध्यम से दर्ज किया जाएगा और आगामी वित्तीय वर्ष में 125 मानव दिवस तक कार्य उपलब्ध कराया जाएगा।
कृषि व अन्य योजनाएं
एडीओ एजी नीरज साहू ने किसानों से ‘फार्मर रजिस्ट्री’ कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिना रजिस्ट्री के किसी भी कृषि योजना का लाभ नहीं मिलेगा। कृषि यंत्रों पर सब्सिडी के लिए पंजीयन जारी है।
खंड विकास अधिकारी उत्कर्ष सक्सेना ने विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधूरे आवास पूर्ण कराने और एसआईआर प्रक्रिया समय से पूर्ण कराने की अपील की।
बैठक में विद्युत विभाग का कोई प्रतिनिधि उपस्थित नहीं रहा, जिस पर सदस्यों ने नाराजगी व्यक्त की। अंत में प्रमुख प्रतिनिधि ने जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं लिखित रूप में प्रस्तुत करने का आह्वान किया, ताकि उन्हें कार्ययोजना में शामिल कर समाधान कराया जा सके।
बैठक में प्रधान संघ अध्यक्ष जगदीश सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।






