म्योरपुर (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र के मुर्धवा-बीजपुर मुख्य मार्ग पर आश्रम मोड़ के समीप सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से बाक्साइट लादकर रेणुकूट जा रहा एक ट्रक सड़क किनारे खोदे गए गड्ढे में फंसकर एक तरफ झुक गया। ग्रामीणों के अनुसार हर घर नल योजना के तहत पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़क किनारे गड्ढा खोदा गया था। बारिश के कारण गड्ढे में पानी और कीचड़ भर गया था। इसी दौरान ट्रक का पहिया गड्ढे में चला गया और पिछला हिस्सा कीचड़ में बुरी तरह धंस गया। ट्रक एक तरफ झुकने से पलटने की आशंका बनी रही। गनीमत रही कि ट्रक पूरी तरह नहीं पलटा। घटना के बाद कुछ देर तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। ग्रामीणों का आरोप है कि पाइपलाइन कार्य के बाद खोदे गए गड्ढों को ठीक से नहीं भरा गया, जिससे आए दिन वाहन फंस रहे हैं। कुछ दिन पूर्व सवारियों से भरी बस का पहिया भी इसी तरह गड्ढे में धंस गया था। लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द गड्ढों को भरवाकर सड़क दुरुस्त कराने की मांग की है।






