अमित मिश्रा
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के गुरु परासी गांव में रविवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मरने वालों में एक विश्व हिंदू महासंघ मातृ शक्ति के प्रदेश मंत्री का भाई भी शामिल है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह हादसा नहीं बल्कि सोची-समझी हत्या है। उनका कहना है कि मृतक युवक को 30 मई को अपहरण कर बुरी तरह पीटा गया था। तब बदमाशों ने उसे मरा समझकर फेंक दिया और फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने उस घटना में कोई कार्यवाही नहीं की।
परिजनों के मुताबिक चार दिन पहले ही युवक की हत्या की धमकी भी दी गई थी। आज की इस घटना के बाद परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया है।
हैरत की बात यह रही कि दोनों मृतकों और घायल को एक अज्ञात पिकअप वाहन से जिला अस्पताल में छोड़कर चालक फरार हो गया।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच में जुट गई है। परिजन दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है।







