चंदौली जिले के नौगढ़-चकिया मार्ग पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। कोईलरवा हनुमान मोड़ के पास एडिशनल एसपी दिगंबर कुशवाहा की निजी गाड़ी और राजदरी जलप्रपात से लौट रही सैलानियों की कार में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन सौभाग्यवश सभी यात्री सुरक्षित हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एडिशनल एसपी दिगंबर कुशवाहा अपने परिवार के साथ निजी वाहन से नौगढ़ बांध की ओर जा रहे थे। उसी दौरान राजदरी जलप्रपात से घूमकर लौट रहे चार दोस्तों की कार कोईलरवा मोड़ के पास सामने से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियों के आगे के हिस्से पूरी तरह चकनाचूर हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही नौगढ़ थाना प्रभारी रमेश यादव मौके पर पहुंचे और तुरंत वाहनों को सड़क से हटवाने की कार्रवाई शुरू कर दी, जिससे आवागमन बाधित न हो। थाना प्रभारी ने बताया कि इस हादसे में किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है, लेकिन एहतियातन मेडिकल जांच कराई गई है।
फिलहाल पुलिस ने वाहनों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।







