चंदौली जिले के नौगढ़ राजकीय महाविद्यालय में शनिवार को 18 वर्ष से अधिक उम्र के विद्यार्थियों के मतदाता पंजीयन के लिए एकदिवसीय कार्यशाला हुई। इसका आयोजन तहसील प्रशासन नौगढ़ और महाविद्यालय ने मिलकर किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य पात्र विद्यार्थियों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना और उनके मतदाता पहचान पत्र बनवाना था।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके विद्यार्थियों को मतदाता पहचान पत्र बनवाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का आधार सार्वजनिक वयस्क मताधिकार है। पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से परिवार और आसपास के पात्र लोगों को भी मतदाता पहचान पत्र बनवाने के लिए प्रेरित करने को कहा।
कार्यशाला में तहसील प्रशासन नौगढ़ के कर्मचारियों ने 18 वर्ष से अधिक उम्र के विद्यार्थियों से पंजीयन के लिए फॉर्म-6 भरवाया। उन्होंने मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया भी बताई।
इस मौके पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. सर्वेश कुमार सिंह, डॉ. देवेंद्र नाथ गिरि और वरिष्ठ सहायक मनीष राज मौजूद रहे। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी भाग लिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मतदान के महत्व और मतदाता के रूप में पंजीकरण की जिम्मेदारी के बारे में बताया गया।









