रेलवे ट्रैक के किनारे मिली जिंदगी की जंग लड़ती नवजात बालिका, चाइल्ड हेल्पलाइन की त्वरित कार्रवाई से मिला सुरक्षा का साया
सोनभद्र। मानवता को झकझोर देने वाली एक घटना में ग्राम कुरा, चुर्क, रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के किनारे एक नवजात बालिका मिलने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन, सोनभद्र की टीम ने बिना समय गंवाए तत्काल कार्रवाई करते हुए डायल 112 पुलिस टीम के सहयोग से नवजात बालिका को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
जिलाधिकारी चर्चित गौड के संरक्षण एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया के कुशल निर्देशन में जनपद में बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण एवं उनके अधिकारों के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में सूचना प्राप्त होते ही चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम सक्रिय हो गई।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह, सुपरवाइजर अंशु गिरि एवं सुधा गिरि तथा डायल 112 की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। संयुक्त टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर नवजात बालिका को सुरक्षित बाहर निकाला और उसकी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई की।
रेस्क्यू के उपरांत परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह द्वारा नवजात बालिका को आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण एवं उपचार के लिए अस्पताल, रॉबर्ट्सगंज में भर्ती कराया गया। वर्तमान में बालिका चिकित्सकों की देखरेख में है।
चाइल्ड हेल्पलाइन का उद्देश्य संकटग्रस्त, असुरक्षित लावारिस एवं जरूरतमंद बच्चों को तत्काल सहायता, सुरक्षा और संरक्षण उपलब्ध कराना है।
परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह ने जनसामान्य से अपील करते हुए कहा यदि कहीं भी कोई नवजात शिशु अथवा बच्चा लावारिस, असुरक्षित, परित्यक्त या किसी संकटपूर्ण परिस्थिति में दिखाई दे, तो कृपया उसे नजरअंदाज न करें। तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 अथवा पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दें।
उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा केवल किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। यदि कोई व्यक्ति बच्चे की परवरिश करने में असमर्थ है, तो बच्चे को छोड़ने या उसकी जान जोखिम में डालने के बजाय बाल कल्याण समिति अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से वैधानिक संरक्षण और सहायता प्राप्त करें।
एक मासूम की जिंदगी बचाने के लिए कभी-कभी आपकी एक छोटी-सी सूचना ही काफी होती है।
बच्चों को बचाना केवल हमारा कर्तव्य नहीं, बल्कि हमारा मानवीय दायित्व भी है।









