श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया

IMG 20261124 200259
IMG 20261124 200259

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

भव्य नगर कीर्तन में गतका ने मोहा मन, सात दिन चलीं प्रभात फेरियां

सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज में सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, रॉबर्ट्सगंज में बड़ी श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
श्री गुरु नानक देव जी का जन्म सन् 1469 में तलवंडी (वर्तमान ननकाना साहिब, पाकिस्तान) में हुआ था। उन्होंने संपूर्ण मानवता को एक ईश्वर, मानव समानता, प्रेम, भाईचारे एवं सेवा का संदेश दिया। उनके द्वारा दिए गए तीन प्रमुख सिद्धांत – नाम जपो, किरत करो और वंड छको आज भी मानव जीवन को सही दिशा दिखाते हैं। उन्होंने जाति-पाति, ऊंच-नीच एवं धार्मिक भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करने का संदेश दिया।
प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा साहिब की ओर से लगातार सात दिनों तक प्रभात फेरियों का आयोजन किया गया। प्रतिदिन प्रातःकाल संगत द्वारा गुरुवाणी एवं कीर्तन करते हुए नगर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रभात फेरी निकाली गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पूरे वातावरण को गुरुवाणी एवं भक्ति रस से सराबोर कर दिया।
प्रकाश पर्व के अवसर पर भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। नगर कीर्तन में गतका पार्टी द्वारा पारंपरिक सिख मार्शल आर्ट गतका का अद्भुत प्रदर्शन किया गया। गतका के विभिन्न हैरतअंगेज करतबों एवं युद्ध कौशल का प्रदर्शन देखकर उपस्थित लोग मंत्रमुग्ध हो गए। नगर कीर्तन के दौरान पंच प्यारों की अगुवाई में गुरु साहिब की पालकी साहिब श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
नगर कीर्तन में गुरु नानक बालिका इंटर कॉलेज एवं गुरु नानक पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। दोनों विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक एवं अनुशासित पीटी (PT) गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी शानदार प्रस्तुति, अनुशासन एवं सामूहिक तालमेल से नगर कीर्तन की शोभा बढ़ाई। उनके प्रदर्शन को देखकर उपस्थित श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों ने खूब सराहना की। विद्यालयों के शिक्षकों एवं प्रबंधन के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का सुंदर परिचय दिया।
गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी साहिब को आकर्षक विद्युत झालरों, रंग-बिरंगी लाइटों एवं सुंदर फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। इसकी दिव्य एवं मनमोहक सजावट ने पूरे नगर कीर्तन की शोभा बढ़ा दी।
इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में विशेष कीर्तन एवं अरदास का आयोजन किया गया। गुरु का अटूट लंगर भी बरताया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने गुरु का प्रसाद ग्रहण किया। संगत द्वारा पूरी श्रद्धा एवं सेवा भाव से लंगर की सेवा की गई।
इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में सेवादारों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर मुख्य रूप से देवेंद्र सिंह भंडारी, अजीत सिंह भंडारी, प्रीतपाल सिंह, जसबीर सिंह, दिलकरन सिंह, बलकार सिंह, परब्रह्म सिंह, अवनीत सिंह, अमर सिंह, गुरप्रीत सिंह, संतोष सिंह, रविंदर सिंह, मनमीत सिंह, तजेंद्र पाल सिंह, जसराज सिंह, सुरेंद्र सिंह भंडारी, मनजीत सिंह, त्रिलोक सिंह, जगज्योत सिंह, विष्णु सिंह, प्रभजोत सिंह, गुरविंदर सिंह एवं जसकीरत सिंह, सदर विधायक भूपेश चौबे, नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ धर्मवीर तिवारी, पूर्व सपा विधायक सदर अविनाश कुशवाहा सहित अन्य सेवादार उपस्थित रहे। सभी सेवादारों ने पूरे समर्पण, श्रद्धा एवं सेवा भाव से आयोजन को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के समापन पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से सभी श्रद्धालुओं, सेवादारों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही श्री गुरु नानक देव जी के बताए मार्ग पर चलने, आपसी प्रेम, भाईचारे, समानता एवं मानव सेवा को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1569
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?