50 विद्यार्थियों ने देखा खादी, मशरूम, रेशम, मधुमक्खी पालन जैविक खेती, स्थानीय संसाधनों से आत्मनिर्भरता का समझा मॉडल
म्योरपुर (सोनभद्र)। आई.जी. ग्रुप ऑफ डिग्री कॉलेज, पढ़ेनिया (सिंगरौली, मध्य प्रदेश) के 50 विद्यार्थियों ने शुक्रवार को शैक्षणिक भ्रमण के तहत बनवासी सेवा आश्रम, गोविंदपुर का दौरा किया। भ्रमण का उद्देश्य ग्रामीण विकास, स्वरोजगार और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को प्रत्यक्ष रूप से समझना था।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को शिव शरण सिंह, सुरेश कुमार, प्रेम दयाल ने बनवासी सेवा आश्रम में संचालित खादी एवं ग्रामोद्योग, मशरूम उत्पादन, रेशम कीट पालन, मधुमक्खी पालन, शहद उत्पादन, जैविक खेती और वर्मीकम्पोस्ट निर्माण जैसी गतिविधियों का अवलोकन कराया। उन्होंने इन कार्यों की प्रक्रिया, ग्रामीण जीवन में उपयोगिता तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आय के अवसरों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों को देखकर समझा कि स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक ज्ञान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं। यह भ्रमण उनके लिए पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर बना।
इस शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों ने ग्रामीण विकास के विभिन्न मॉडल, आत्मनिर्भरता और पर्यावरण के अनुकूल आजीविका के प्रयासों को करीब से जाना।
मौके पर आशीष सिंह बघेल, अरविंद शाह, फाड़ेंडर सिंह, संतोष जयसवाल, सुप्रिया गुप्ता सहित कॉलेज के 45 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।









