महुअरिया द्वितीय में फूड डेमो में 25 गर्भवती महिलाओं व किशोरियों ने सीखे कम लागत में पौष्टिक आहार के गुर
सोनभद्र। विकास खंड घोरावल के ग्राम महुअरिया द्वितीय में ग्रामीण महिलाओं और किशोरियों को कुपोषण तथा एनीमिया (खून की कमी) के प्रति जागरूक करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सोनभद्र विकास समिति एवं सहयोगी संस्था क्राई (CRY) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में ‘फूड डेमो’ (खाद्य प्रदर्शन) के माध्यम से कम लागत और घर में आसानी से उपलब्ध देशी सामग्रियों से पौष्टिक आहार तैयार करने के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए। कार्यक्रम में गांव की 25 गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और एनीमिक किशोरियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सोनभद्र विकास समिति के सचिव राजेश कुमार चौबे ने बताया कि कुपोषण और एनीमिया को दूर करने के लिए महंगे बाजारू खाद्य पदार्थों पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं है। हमारे घरों और खेतों में ही ऐसे कई देशी अनाज और सब्जियां उपलब्ध हैं, जो पोषक तत्वों का भंडार हैं। कम सामग्रियों का सही संयोजन करके और पकाने के सही तरीके अपनाकर साधारण भोजन को भी बेहद पौष्टिक बनाया जा सकता है।
वहीं, संस्था की काउंसलर साधना सिंह ने किशोरियों के स्वास्थ्य पर विशेष जोर देते हुए बताया कि कैसे एनीमिक किशोरियां अपने दैनिक खान-पान में छोटे-छोटे बदलाव करके खून की कमी को दूर कर सकती हैं। उन्होंने सलाह दी कि किशोरियां नियमित रूप से गुड़, भुना चना, अंकुरित अनाज, सहजन की पत्तियां और हरी साग-सब्जियों का सेवन करें। साथ ही, भोजन के तुरंत बाद चाय या कॉफी पीने से बचें, क्योंकि इससे शरीर में आयरन का अवशोषण रुक जाता है, जबकि नींबू या आंवले जैसे विटामिन-सी युक्त पदार्थों के सेवन से आयरन तेजी से शरीर में लगता है।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के समक्ष मौके पर ही देशी सामग्रियों से पौष्टिक हलवा, पूड़ी, लड्डू और पुआ आदि व्यंजन बनाकर दिखाए गए और यह समझाया गया कि खाना पकाते समय उसके जरूरी पोषक तत्वों को कैसे सुरक्षित रखा जाए। इसके साथ ही खाना बनाने से पहले हाथ धोने, सब्जियों को काटने से पहले अच्छी तरह धोने और व्यक्तिगत साफ-सफाई रखने के महत्व को भी समझाया गया।
इस मौके पर संस्था के कार्यकर्ता रीना शर्मा, सुनीता, रीमा, दिनेश, रेखा सहित अन्य ग्रामवासी उपस्थित रहे।









