24 हजार रुपये मासिक मानदेय कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मांग, कार्यालय परिसर में किया प्रदर्शन
सोनभद्र। मानदेय वृद्धि समेत विभिन्न मांगों को लेकर ग्राम रोजगार सेवकों ने शुक्रवार को उपायुक्त श्रम रोजगार कार्यालय परिसर में प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा के प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत जिलाध्यक्ष विनय पांडेय के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में मांगों के समर्थन में आवाज उठाई गई।
ग्राम रोजगार सेवकों ने 21 से 23 नवंबर तक आयोजित विशेष रोजगार सृजन सप्ताह के दौरान कार्य बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। ग्राम रोजगार सेवक लंबे समय से 24 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, ईपीएफ भुगतान और अन्य विभागीय समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं। संगठन का कहना है कि शासन और विभागीय स्तर पर लगातार मांग उठाने के बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इसके अलावा 27 नवंबर को जिला मुख्यालय और तीन दिसंबर को लखनऊ में विधानसभा का घेराव किया जाएगा।
प्रदर्शन में प्रदीप सिंह राणा, संतोष यादव, सुनील सिंह, बबुन्दर, सतीश चंद्र, धर्मवीर, मनोज, रविन्द्र, अनिल, रामदेव, नन्दलाल, अरुण, राकेश, रामनरेश, प्रदीप और वकील मौर्या सहित अन्य ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे।









